-धमकी में कहा, विधानसभा में खालिस्तान रेफरेंडम का समर्थन करें सीएम, वरना जिंदगी खत्म

गुरुग्राम, 10 मार्च (हि.स.)। शहर के कई स्कूलों को मंगलवार को फिर से बम से उड़ाने की धमकी मिली है। इस बार धमकी खालिस्तान की ओर से दी गई है। धमकी भरी ईमेल में लिखा है कि-हरियाणा विधानसभा में सीएम नायब सिंह सैनी खालिस्तान रेफरेंडम का समर्थन करें, वरना जिंदगी खत्म। इस धमकी की सूचना मिलने के साथ ही पुलिस और जांच एजेंसियां सक्रिय हुई और तलाशी अभियान चलाया। हालांकि कुछ मिला नहीं।
मंगलवार को गुरुग्राम के कई बड़े स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी भरी ई-मेल मिली। ई-मेल में स्कूलों की इमारत में बम लगाए जाने की बात कही गई। खालिस्तान संगठन ने लिखा कि-सीएम सैनी एक मौका। हरियाणा असेंबली में खालिस्तान रेफरेंडम का समर्थन करो वरना जिंदगी खत्म। यह सूचना पाकर पुलिस सुरक्षा दस्ते, जांच टीमों के साथ संबंधित स्कूलों में पहुंची और तुरंत जांच शुरू की। साथ ही स्कूलों की ओर से बच्चों को घर भेज दिया गया। स्कूलों में पुलिस और बम डिस्पोजल यूनिट ने सर्च अभियान चलाया। पुलिस डॉग स्क्वायड की मदद से कक्षाओं में भी तलाशी ली गई। खालिस्तान नेशनल आर्मी ने स्कूलों को बम से उड़ाने की धमकी देते हुए ईमेल में यह भी लिखा कि-अपने बच्चे बचाओ। स्कूलों में 1 बजकर 11 मिनट और ट्रेनों में 03 बजकर 11 मिनट तक धमाके किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
