-अपराधियों के खिलाफ गुरुग्राम पुलिस की जीरो टॉलरेंस की सख्त कार्रवाई

गुरुग्राम, 20 अप्रैल (हि.स.)। गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) की करीब 25 करोड़ रुपये कीमत की आधा एकड़ जमीन से पुलिस ने कब्जा हटवाया है। आरोपी कब्जाधारी के खिलाफ पुलिस ने जीरो टोलरेंस नीति के तहत यह कार्रवाई की। यह कार्रवाई अपराध शाखा सेक्टर-31 गुरुग्राम, जीएमडीए व डीटीपी ने मिलकर की। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने सोमवार को बताया कि आरोपी कब्जाधारी, यहां झुग्गियां बनाकर अवैध रूप से लाखों रुपये किराया वसूलता था।
पुलिस को पुख्ता सूचना मिली थी कि कादरपुर रोड नजदीक बिरला नाव्या कम्युनिटी सेंटर स्थित सरकारी भूमि पर एक अपराधी द्वारा अवैध कब्जा किया हुआ है। पुलिस ने उसकी पूरी कुंडली खंगाली और सोमवार को पूरी तैयारी के साथ अवैध कब्जों पर बुल्डोजर चलाने पहुंची। इस दौरान कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई। इस कार्रवाई में अपराधी गुरुग्राम निवासी नितेश को चिन्हित किया गया। आरोपी का आपराधिक इतिहास रहा है, जिनमें मारपीट, छीना झपटी, अपहरण व जबरन वसूली जैसे गंभीर अपराध शामिल हैं। जांच में यह भी सामने आया कि इस अपराधी ने सरकारी जमीन पर अवैध झुग्गी बस्तियां बसाकर कमजोर वर्गों का शोषण किया। उनसे अवैध रूप से किराया वसूला और इन स्थानों का उपयोग संगठित अपराध गतिविधियों के संचालन एवं विस्तार के लिए किया।
आरोपी द्वारा जीएमडीए के बांध की आधा एकड़ जमीन पर अवैध रूप से कब्जा करके लगभग 50 झुग्गियां बनाई हुई थी, जिससे वह लगभग पांच लाख रुपये महीना अवैध रूप से वसूलता था। कब्जामुक्त कराई गई जमीन की कीमत करीब 25 करोड़ रुपये है। पुलिस की कड़ी सुरक्षा में सभी अवैध निर्माणों को हटाकर भूमि को पूर्ण रूप से मुक्त कराया गया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
