-पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार करके सामान बरामद किया

-कबाड़ी के गोदाम में रखा था चोरी का सामान, बेचने की फिराक में थे आरोपी

गुरुग्राम, 10 फरवरी (हि.स.)। मर्चेंट प्लाजा सोसाइटी सेक्टर-88 से एसी, फ्रिज व अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान सहित करीब 40 लाख रुपयों की कीमत का समान चोरी कर लिया गया। सामान चोरी करने के आरोपी गाडिय़ों के माध्यम से मानेसर में कबाड़ी के गोदाम में स्टोर करके आगे बेचने की योजना बना रहे थे। पुलिस को उनकी भनक लगी और वहां छापेमारी करके तीन आरोपियों को काबू कर लिया गया। पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने मंगलवार को बताया कि आरोपियों के कब्जा से काफी सामान बरामद किया गया है।जानकारी के अनुसार सात फरवरी 2026 को मर्चेंट्स प्लाजा सोसाइटी सेक्टर-88 गुरुग्राम के प्रतिनिधि ने सेक्टर-10 थाना के अंतर्गत पुलिस चौकी सेक्टर-93 में शिकायत दी। शिकायत में कहा कि पांच फरवरी 2026 को मर्चेंट प्लाजा सोसाइटी सेक्टर-88 के फ्लैट्स से एसी, फ्रिज, एलईडी टीवी समेत अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान चोरी कर लिया गया। इस शिकायत पर पुलिस थाना सेक्टर-10 में केस दर्ज करके पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस चौकी इंचार्ज उपनिरीक्षक प्रदीप कुमार की टीम ने इस मामले में तीन आरोपियों को सात फरवरी को मानेसर से गिरफ्तार किया। आरोपियों की पहचान साने अलम (उम्र-19 वर्ष) निवासी जिला रामपुर (उत्तर-प्रदेश), सारीक (उम्र-19 वर्ष) निवासी जिला बरेली (उत्तर-प्रदेश) व ताराचंद (उम्र-22 वर्ष) निवासी जिला बदायूं (उत्तर-प्रदेश) के रूप में हुई। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों को अदालत में पेश करके एक दिन के पुलिस हिरासत रिमांड पर लिया गया।आरोपियों से पुलिस हिरासत रिमांड के दौरान पुलिस पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी साने आलम व सारिक गुरुग्राम में कबाड़ी का काम करते हैं। तीसरा आरोपी ताराचंद पिकअप गाड़ी से सामान ढोने का काम करता है। आरोपियों ने बताया कि उन्होंने अपने अन्य साथियों के साथ योजना बनाकर सोसाइटी के निर्माणाधीन फ्लैट्स से एसी, फ्रिज, एलईडी टीवी समेत अन्य उपकरण चोरी कर लिये। चोरी किए गए सामान को पहले सोसाइटी के बेसमेंट में इकठ्ठा किय। इसके बाद पांच-छह फरवरी 2026 की रात को उन्होंने सामान को आरोपी ताराचंद की पिकअप गाड़ी में भरक आरोपी सारीक कबाड़ी के गोदाम पर मानेसर में रख दिया। पिकअप गाड़ी आरोपी ताराचंद ने अपने किसी रिश्तेदार से चलाने के लिए ले रखी है। आरोपी चोरी किए हुए सामान बेचने की फिराक में थे। पुलिस ने आरोपियों की भनक लगते ही छापेमारी करके उन्हें काबू करके सामान बरामद कर लिया। पुलिस टीम द्वारा आरोपियों के कब्जा से चोरी के 37 एसी यूनिट्स, तीन फ्रिज, दो माइक्रोवेव, 13 एलईडी टीवी व वारदात में प्रयोग की गई पिकअप गाड़ी बरामद कर ली है। चोरी किए गए सामान की अनुमानित कीमत करीब 40 लाख रुपये है। पुलिस ने आरोपियों को अदालत से एक दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ के बाद अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
