केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुग्राम में दिए ये चेक

सभी पीडि़त परिवारों को यात्रा खर्च के लिए भी मिले 20-20 हजार रुपयेगुरुग्राम, 12 मार्च (हि.स.)। सिधरावली गांव में सिग्नेचर ग्लोबल की निर्माणाधीन साइट पर बीते दिनों हुए हादसे में जान गंवाने वाले सात श्रमिकों के परिजनों को गुरुवार को आर्थिक सहायता प्रदान की गई। केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने गुरुवार को यहां पीडब्ल्यूडी विश्राम गृह में परिजनों को 20-20 लाख रुपये के चेक प्रदान किए। साथ ही सभी मृतकों के परिजनों को यात्रा खर्च के लिए 20-20 हजार रुपये की वित्तीय सहायता भी दी।केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने हादसे को लेकर एक दिन पूर्व हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से बातचीत की। मुख्यमंत्री ने हादसे में जान गंवाने वाले श्रमिकों के परिजनों की हर प्रकार से सहायता का आश्वासन दिया। साथ ही आश्वस्त किया कि हरियाणा सरकार दुख की इस घड़ी में पीड़ितों के साथ खड़ी है। मुख्यमंत्री से बातचीत के उपरांत वे झारखंड के जमशेदपुर से सांसद विद्युत बरन महतो के साथ बुधवार की देर शाम गुरुग्राम पहुंचे और मृतक श्रमिकों के परिजनों से मुलाकात की। उन्होंने हादसे के उपरांत त्वरित कार्रवाई करने व पीड़ित परिवारों की संवेदी भाव से मदद करने के लिए मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी का आभार भी जताया। इस अवसर पर डीसी अजय कुमार तथा सीपी विकास अरोड़ा सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।बता दें कि बीती नौ मार्च की शाम गुरुग्राम जिला के गांव सिधरावली में सिग्नेचर ग्लोबल कंपनी की साइट पर मिट्टी खिसकने से सात श्रमिकों शिवशंकर, परमेश्वर महतो, मंगल महतो, भागीरथ गोपे, संजीव गोपे, धनंजय गोपे निवासी झारखंड तथा सतीश निवासी राजस्थान की मौत हो गई थी। चार अन्य श्रमिक घायल हुए। केंद्रीय राज्य मंत्री ने मृतकों के परिजनों को हरियाणा सरकार की सहायता व दुर्घटना को लेकर की जा रही कार्रवाई के बारे में भी जानकारी दी। डीसी अजय कुमार ने बताया कि 20-20 लाख रुपए की सहायता के अतिरिक्त मृतकों के परिजनों को हरियाणा सरकार के भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार (बीओसी) कल्याण फंड से चार लाख रुपये तथा वर्कमेन कंपनसेशन एक्ट के तहत 15 लाख रुपये से अधिक की सहायता भी दी जाएगी। इस प्रकार प्रत्येक परिवार को कुल मिलाकर लगभग 40 लाख रुपए तक की वित्तीय सहायता मिल सकेगी। इस दौरान श्रम विभाग के कमिश्नर वर्कमेन कंपनसेशन एक्ट अनिल शर्मा, एएलसी कुशल कटारिया, मानेसर के एसडीएम दर्शन यादव सहित अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
