गाड़ी की खिडक़ी के शीशे को तोड़ते हुए निकली गोली

गुरुग्राम, 11 मार्च (हि.स.)। भीम सेना प्रमुख एवं संविधान सुरक्षा पार्टी (एसएसपी) सुप्रीमो सतपाल तंवर पर मंगलवार की देर रात जानलेवा हमला हो गया। वे अपनी पत्नी निशा तंवर के साथ गुरुग्राम से उत्तर प्रदेश के देवबंद के गुनारसा में एक शादी जा रहे थे। जब वे देवबंद क्षेत्र में पहुंचे तो हमलावरों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि गोली किसी को लगी नहीं।
सतपाल तवंर की पत्नी निशा तंवर एडवोकेट ने बुधवार को बताया कि कार के शीशे तोड़ते हुए गोली निकल गई। शीशे लगने के कारण उनके हाथ व गर्दन पर हल्की चोटें आई हैं। ऐहतियातन उन्हें देवबंद के शिफा अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसके बाद पुलिस ने सरकारी अस्पताल में उनकी मेडिकल जांच कराई। निशा तंवर एडवोकेट ने बताया कि हमलावरों ने उनके पति को निशाना बनाया था, लेकिन गोली कार के शीशे से होकर गुजर गई। इस दौरान सतपाल तंवर बेहोश भी हो गए। इस घटना से भीमसेना और संविधान सुरक्षा पार्टी के कार्यकर्ताओं में रोष है। कार्यकर्ताओं ने तत्काल कार्रवाई की मांग की है। सतपाल तंवर पिछले कुछ वर्षों से विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर सक्रिय हैं। कई बार विवादों में भी घिरे हैं। लॉरेंस बिश्नोई गैंग से भी उन्हें धमकियां मिली हैं। सतपाल तंवर पर फायरिंग के मामले में पुलिस ने मौका मुआयना करके जांच शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने कार के शीशे और आसपास के इलाके से सबूत जुटाए जा रहे हैं।
हिन्दुस्थान समाचार / ईश्वर
