जयपुर, 11 मार्च (हि.स.)। प्रदेशवासियों को अब तेज गर्मी से राहत मिलेगी। मौसम में बदलाव से 12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट होने की संभावना है। बुधवार को प्रदेश के 15 शहरों का दिन का पारा 37 डिग्री के पार दर्ज किया गया। 40.8 डिग्री के साथ बाड़मेर का दिन और 22.8 डिग्री के साथ फलौदी की रात सबसे गर्म रही। फलौदी के अलावा बीकानेर और प्रतापगढ़ का रात का पारा 22 डिग्री के पार दर्ज किया गया। एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से 14-15 मार्च को राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी-बारिश होने तथा तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार बाड़मेर के अलावा भीलवाड़ा, जयपुर, वनस्थली, कोटा, पाली, जैसलमेर, जोधपुर, फलौदी, बीकानेर, चूरू, बारां, जालोर, दौसा और लूणकरणसर का दिन का पारा 37 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। वहीं फलौदी के अलावा 9 शहरों का रात का पारा 20 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया। जयपुर, बीकानेर, प्रतापगढ़, डूंगरपुर, संगरिया, बाड़मेर, जैसलमेर और लूणकरणसर का रात का पारा 20 डिग्री से अधिक दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर के निदेशक राधेश्याम शर्मा ने बताया कि राज्य में 12 मार्च से तापमान में हल्की गिरावट आने की संभावना है। वर्तमान में राज्य के अधिकांश भागों में अधिकतम तापमान 36 से 40 डिग्री (सामान्य से 4 से 10 डिग्री ऊपर) दर्ज किए जा रहे हैं। 14-15 मार्च को एक नए पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से राज्य में कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की आंधी-बारिश होने तथा तापमान में 2-3 डिग्री गिरावट होने की संभावना है।
जयपुर के दिन के पारे में हल्की गिरावट जयपुर के दिन के पारे में हल्की गिरावट दर्ज की गई, लेकिन जयपुर में गर्मी का असर बरकरार नजर आया। तेज गर्मी के चलते पंखे, कूलर और एसी का इस्तेमाल बढऩे से विद्युत खर्च बढऩे लगा है। हालांकि आगामी समय में जयपुर के पारे में उतार-चढ़ाव का दौर जारी रहेगा। जयपुर का अधिकतम तापमान 37 और न्यूनतम तापमान 20.6 डिग्री दर्ज किया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश
