
लखीमपुर खीरी, 08 फ़रवरी (हि.स.)। गुरु गोरखनाथ स्वास्थ्य सेवा यात्रा 6.0 के अंतर्गत विशाल मेगा स्वास्थ्य कैंप का आयोजन धर्म सभा इंटर कॉलेज लखीमपुर के मैदान में 8 फरवरी को किया गया। कार्यक्रम का उद्घाटन उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री दिनेश प्रताप सिंह ने किया, जबकि समापन समारोह में राज्य सूचना आयुक्त पी. एन. द्विवेदी मुख्य अतिथि रहे।

स्वास्थ्य शिविर में जनपद सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मरीज पहुंचे। आयोजन में 15,000 से अधिक मरीजों ने अपना पंजीकरण कराया और विशेषज्ञ चिकित्सकों से परामर्श प्राप्त किया। शिविर में सुपर स्पेशलिस्ट यूरोलॉजी, गैस्ट्रोलॉजी, मानसिक रोग, नाक-कान-गला, प्लास्टिक सर्जरी, कार्डियोलॉजी, नेफ्रोलॉजी एवं टीबी रोग के अनुभवी चिकित्सकों द्वारा जांच व परामर्श दिया गया। इसके साथ ही आयुर्वेद एवं होम्योपैथी के चिकित्सकों की सेवाएं भी मरीजों को उपलब्ध कराई गईं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता स्वशासी राज्य चिकित्सा महाविद्यालय की प्रधानाचार्य प्रोफेसर डॉ. वाणी गुप्ता ने की। कार्यक्रम में सीएमओ, एनएमओ के प्रांत प्रवास प्रमुख प्रो. संजय भट्ट की विशेष उपस्थिति रही। मंच का संचालन प्रांत संगठन मंत्री एनएमओ डॉ. जयराम द्वारा किया गया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन डॉ. आर. आर. मिश्र ने प्रस्तुत किया। इस अवसर पर विद्यार्थी परिषद, सेवा भारती, विद्या भारती, सीमा जागरण मंच एवं वनवासी कल्याण आश्रम सहित विभिन्न सामाजिक व राष्ट्रवादी संगठनों ने सक्रिय सहभागिता की। आयोजन को लेकर मरीजों एवं आमजन में उत्साह देखने को मिला और शिविर को अत्यंत सफल बताया गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / देवनन्दन श्रीवास्तव
