देहरादून, 21 फरवरी (हि.स.)। राज्य की ग्रीष्मकालीन राजधानी गैरसैंण में 09 से 13 मार्च तक प्रस्तावित पंचम विधानसभा के बजट सत्र को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण ने शनिवार को देहरादून स्थित विधानसभा भवन में शासन, पुलिस प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक कर सुरक्षा एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि बजट सत्र राज्य की नीतिगत दिशा तय करने का महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए इसकी गरिमा और अनुशासन बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।

बैठक में सत्र अवधि के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए गए। तय किया गया कि बिना विधिवत वाहन प्रवेश पत्र के किसी भी कर्मचारी के वाहन को विधानसभा परिसर में प्रवेश नहीं मिलेगा। विधायकों की संस्तुति पर एक और मंत्रियों की संस्तुति पर अधिकतम दो आगंतुकों को ही प्रवेश की अनुमति दी जाएगी, ताकि भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा प्रबंधन प्रभावी रहे।
विधानसभा अध्यक्ष ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अग्निशमन दल, चिकित्सा टीम, एंबुलेंस, विद्युत आपूर्ति, पेयजल, साफ-सफाई और अन्य मूलभूत सुविधाओं की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। आपात परिस्थितियों से निपटने के लिए विशेष तैयारियां रखने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करें और व्यवस्थाएं सत्र शुरू होने से पूर्व पूर्ण कर ली जाएं।
लोकतांत्रिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विद्यालयों और महाविद्यालयों के छात्र-छात्राओं को भी सदन की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। साथ ही, पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए सत्र की कार्यवाही की वीडियो रिकॉर्डिंग और वेबकास्टिंग की व्यवस्था की जाएगी, ताकि आम नागरिक भी सदन की गतिविधियों से जुड़ सकें। बैठक में मौजूद अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि बजट सत्र के सफल एवं शांतिपूर्ण संचालन के लिए सभी आवश्यक कदम समयबद्ध ढंग से उठाए जाएंगे।
————
हिन्दुस्थान समाचार / राजेश कुमार पांडेय
