अजमेर, 11 मार्च(हि.स.)। अजमेर में रसोई गैस आपूर्ति में व्यवधान गहराता जा रहा है। कमर्शियल गैस की कमी से होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के लिए अपना व्यवसाय सामान्य रख पाने की मुसीबत खड़ी हो गई है। वहीं घरेलू रसोई गैस सिलेंडरों के लिए गैस एजेंसियों के बाहर उपभोक्ताओं की भीड़ लगने लगी है जिससे दिन भर वहां हंगामा खड़ा हो रहा है।

गैस की कमी के चलते होटल व्यवसायियों को वैकल्पिक व्यवस्थाओं पर विचार करने को मजबूर होना पड़ रहा है। जबकि गैस एजेंसियों पर सिलेंडर के लिए लोगों की कतारें लग रही है। लोगों का कहना है कि उन्हें सिलेंडर बुक करने के बाद भी कई दिनों तक इंतजार करना पड़ रहा है।
होटल व्यवसायी कंवल प्रकाश ने बताया कि कामर्शियल गैस आपूर्ति बंद होने से होटल एवं रेस्टोरेंट इंडस्ट्री पर सबसे बड़ा संकट आ गया है। रेस्टोरेंट इंडस्ट्री पूरी तरह गैस पर ही निर्भर है। इसी को ध्यान में रखते हुए होटल व्यवसायियों की ओर से तीन अलग अलग प्लान तैयार किए जा रहे हैं उन्होंने सरकार से इस समस्या का जल्द समाधान करने की मांग भी की है। उन्होंने बताया कि प्लान ए के तहत गैस पाइपलाइन कनेक्शन लेने का प्रयास किया जा रहा है। संबंधित कंपनी को जल्द सप्लाई शुरू करने के लिए पत्र भेजे गए हैं। यदि यह व्यवस्था शीघ्र शुरू नहीं हो सकती है तो डीजल से चलने वाली भट्टी शुरू करने का विकल्प देखा जा रहा है। हालांकि इससे धुएं और बदबू की समस्या हो सकती है, जिसका असर खाने की गुणवत्ता पर पड़ने की आशंका है। इसके अलावा प्लान सी में इलेक्ट्रिक सिस्टम पर जाने का भी विचार किया जा रहा है लेकिन इस व्यवस्था में खाना बनने में अधिक समय लग सकता है। उन्होंने कहा कि समस्या यह भी है कि मोबाइल एप के माध्यम से जहां गैस बुकिंग होती थी वह भी इन दिनों काम नहीं कर रहा है जिससे लोगों में घबराहट और बैचेनी बढ़ रही है।
गौरतलब है कि गैस बुकिंग नहीं होने पर अजमेर के रावण की बगीची स्थित अवंतिका गैस एजेंसी पर सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लाइन लग रही है और लोग हंगामा खडा कर रहे हैं एजेंसी संचालन के पास लोगों के लिए किसी तरह का संतुष्ट जवाब भी नहीं है। पहाड़गंज निवासी वर्षा ने बताया कि उन्होंने 10 दिन पहले सिलेंडर बुक कराया था अभी तक उन्हें डिलीवरी नहीं हुई। उन्होंने कहा कि उन्होंने सिलेंडर के दाम बढ़ने से पहले बुक कराया था। फिर भी उनसे ज्यादा रुपए लिए गए व गैस की सप्लाई भी अभी तक नहीं हुई
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष
