बक्सर, 18 मार्च (हि.स.)। जिले में गैस की संभावित जमाखोरी और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए जिला प्रशासन ने कड़ा कदम उठाया है। जिला पदाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के संयुक्त आदेश पर विशेष टीमों का गठन कर जिले की 27 गैस एजेंसियों की सघन जांच कराई गई। प्रत्येक टीम में एक वरीय पदाधिकारी और एक पुलिस पदाधिकारी को शामिल किया गया था।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने निर्धारित प्रपत्र के आधार पर एजेंसियों की जांच की। इसमें मूल्य सूची, कार्य के घंटे और स्टॉक की जानकारी प्रदर्शित होने, डिलीवरी कर्मियों के पास वेईंग स्केल की उपलब्धता, उपभोक्ताओं के सामने सिलेंडर का वजन और लीकेज जांच सुनिश्चित की गई। साथ ही प्रतिष्ठानों पर फर्स्ट एड बॉक्स, शिकायत पुस्तिका और सुरक्षा उपकरणों की मौजूदगी भी देखी गई। डिलीवरी कर्मियों के वर्दी और पहचान पत्र की भी जांच हुई। वही दुकानों पर भी जांच एसडीएम अविनाश कुमार के नेतृत्व में हुआ।
अधिकारियों ने उपभोक्ताओं से सीधे फीडबैक लेकर यह भी सुनिश्चित किया कि उनसे निर्धारित दर से अधिक राशि नहीं ली जा रही है और जरूरत पड़ने पर रिबेट दिया जा रहा है। प्रशासन ने जनता से अपील की है कि किसी भी अनियमितता की सूचना जिला कंट्रोल रूम नंबर 06183-223333 पर दें, ताकि त्वरित कार्रवाई हो सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
