कोलकाता, 12 मार्च (हि. स.)। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गहराते ऊर्जा संकट और आपूर्ति श्रृंखला में आए व्यवधान के कारण रसोई गैस की बढ़ती कीमतों और कालाबाजारी के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार काे कोलकाता के हातीबागान चौराहे पर सिलेंडर रखकर पथावरोध किया।

कांग्रेस ने आरोप लगाया कि पश्चिम एशिया में हाल के संघर्ष और केंद्र सरकार की विदेश नीति और आर्थिक फैसलों की गलतियों की कीमत आम लोगों को चुकानी पड़ रही है। उन्होंने पेट्रोलियम उत्पादाें की कीमतों में बढ़ोतरी के विरोध में हर जगह विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है।
इसी क्रम में, गुरूवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने गैस सिलेंडर और तख्तियां लेकर हातीबागान चौराहे पर पथावरोध किया। इस प्रदर्शन में राज्य और जिला स्तर के नेताओं ने हिस्सा लिया। बाद में, प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय से मौलाली तक विरोध जुलूस निकाला गया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा
