
जौनपुर, 08 अप्रैल (हि.स.)। यूपी के केराकत तहसील क्षेत्र में बुधवार रात को एक दर्दनाक हादसा हो गया। देवकली बाजार स्थित बजरंगबली मंदिर के पास गैस पाइपलाइन की हुई खुदाई के दौरान अचानक मिट्टी धंसने से काम कर रहे दो मजदूर मलबे में दब गए, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल बचाव कार्य शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार, मजदूर 20 से 25 फीट गहराई में गैस वेल्डिंग का काम कर रहे थे, तभी अचानक मिट्टी का बड़ा हिस्सा भरभराकर गिर गया। इससे दोनों मजदूर नीचे ही दब गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।मृतकों की पहचान मुजफ्फरनगर जनपद के भालुहि सिकन्दर गांव निवासी प्रिंस और निरंजन के रूप में हुई है। दोनों मजदूर अडानी गैस पाइपलाइन (पीएनजी लाइन) बिछाने के कार्य में लगे थे।
रेस्क्यू टीम ने काफी मशक्कत के बाद एक मजदूर के शव को बाहर निकाल लिया, जबकि दूसरे की तलाश देर तक जारी रही। मौके पर जेसीबी और अन्य संसाधनों की मदद से मलबा हटाया गया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर मौजूद रहकर राहत कार्य की निगरानी करते रहे। हादसे के समय मजदूरों के पास पर्याप्त सुरक्षा उपकरण नहीं थे, जिससे हादसे की गंभीरता बढ़ गई। इस संबंध में जानकारी लेने पर अपर पुलिस अधीक्षक शहर आयुष श्रीवास्तव ने बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें दोनों मजदूरों की मौत की पुष्टि हुई है।पुलिस ने एक शव को बरामद किया है जबकि दूसरे की तलाश जारी है। दोनों शवाें को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जाएगा और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है और जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव
