अलवर , 12 मार्च (हि.स.)। अलवर प्रशासन ने जिले में गैस सिलेंडरों की कमी को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच स्पष्ट किया है कि जिले में घरेलू गैस सिलेंडरों की पर्याप्त मात्रा में उपलब्धता है, और किसी भी प्रकार की कोई कमी नहीं है। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने नागरिकों से अपील की है कि वे किसी भी प्रकार की अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से पैनिक ना करें।

जिला कलेक्टर ने बताया कि जिले में पूर्व की भांति नियमित रूप से गैस सिलेंडरों की सप्लाई सामान्य रूप से की जा रही है। सभी गैस एजेंसियों को निर्देशित किया गया है कि वे निर्धारित समय के अनुसार उपभोक्ताओं को सिलेंडर उपलब्ध कराएं, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े। उन्होंने बताया कि गैस आपूर्ति संबंधी शिकायतों के लिए जिला स्तर पर कंट्रोल रूम स्थापित किया गया है, जिसके नंबर जीरो 0144-2338000 है एवं पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर 112 पर शिकायत की जा सकती है। उन्होंने बताया कि किसी भी प्रकार की कालाबाजारी एवं जमाखोरी के लिए टीमों का गठन किया जा रहा है।
जिला रसद अधिकारी विनोद जुनेजा ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में जिले में गैस सिलेंडरों का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और इनकी सप्लाई भी निरंतर सुचारू रूप से की जारी है। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर की बुकिंग एक बार रिफिल के पश्चात 25 दिन बाद ही की जा सकती है, उपभोक्ता को बुकिंग होने पर घर पर ही सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि गैस कंपनियों और एजेंसियों के माध्यम से नियमित रूप से सिलेंडरों की आपूर्ति हो रही है।
उन्होंने बताया कि कुछ स्थानों पर सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से गैस की कमी को लेकर भ्रामक जानकारी फैलने के कारण लोगों में अनावश्यक चिंता देखी जा रही है, जबकि वास्तविकता यह है कि जिले में घरेलू गैस की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मनीष कुमार
