कानपुर, 11 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जनपद के चौबेपुर थाना क्षेत्र के एक मकान में मंगलवार देर रात गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया।धमाके से मकान की दीवारें दरक गईं और छत का एक हिस्सा गिर गया। इस हादसे में घर में सो रहा एक बुजुर्ग मलबे में दबकर घायल हाे गया। वहीं इस हादसे में एक मवेशी (बकरियां) की माैत के साथ दाे अन्य घायल हैं।

चौबेपुर थाना प्रभारी दुर्गेश मिश्रा ने बुधवार को बताया कि शिवराजपुर के दुबियाना गांव निवासी रमेश चंद्र (65) नयापुरवा इलाके में किराये का मकान लेकर रहते हैं। बीती रात मंगलवार काे खाना बना कर सोते समय बुजुर्ग गैस बंद करना भूल गए। देर रात धूम्रपान करने के लिए जैसे ही उन्होंने माचिस जलाई अचानक तेज धमाका हो गया। विस्फोट इतना तेज था कि कमरे की दीवाराें में दरारें आ गयीं और कुछ हिस्सा गिर गया। जिसके मलबे में बुजुर्ग दबकर घायल हो गया।

वहीं इस हादसे में पड़ाेसी राजेश शुक्ला की तीन बकरियाें पर दीवार गिरने से एक की दबकर माैत हाे गई। इस सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने घायल बुजुर्ग को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पर उसका इलाज जारी है।——————-
हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप
