हरिद्वार, 20 मार्च (हि.स.)। कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने गोकशी के मामले में फरार चल रहे एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

पुलिस के अनुसार 18 मार्च को कोतवाली बहादराबाद पुलिस और गोवंश संरक्षण स्क्वाड टीम को ग्राम मुस्तफाबाद के जंगल में गोकशी की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर छापेमारी की, जहां से भारी मात्रा में गोमांस बरामद किया गया। हालांकि छापेमारी के दौरान आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए थे।
इस संबंध में कोतवाली बहादराबाद में उत्तराखंड गौवंश संरक्षण अधिनियम में मुकदमा दर्ज कर आरोपितों की तलाश शुरू की गई। लंबे समय तक गिरफ्तारी न होने पर एसएसपी हरिद्वार द्वारा आरोपी पर 5 हजार का इनाम घोषित किया गया था। आरोपित मार्च 2025 से फरार चल रहा था।
लगातार प्रयास करते हुए बहादराबाद पुलिस ने देर रात फरार चल रहे आरोपी मुस्तफा को ग्राम मुस्तफाबाद से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को आवश्यक कार्रवाई के बाद न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपित का नाम पता मुस्तफा पुत्र अख्तर, निवासी मिर्जापुर मुस्तफाबाद, जनपद हरिद्वार बताया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / डॉ.रजनीकांत शुक्ला
