बक्सर, 02 फ़रवरी (हि.स.)। गोकुल जलाशय स्थित दल्लूपुर घाट पर विश्व आद्रभूमि दिवस पर जागरूकता एवं पर्यावरण संरक्षण कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य आद्रभूमियों के संरक्षण, जैव विविधता के महत्व तथा जलवायु परिवर्तन से उत्पन्न चुनौतियों के प्रति आमजन को जागरूक करना था।

इस अवसर पर आद्रभूमियों की पर्यावरणीय भूमिका, भू-जल संरक्षण, प्रवासी पक्षियों के संरक्षण एवं सतत विकास जैसे विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न विद्यालयों के 131 छात्र-छात्राओं ने पेंटिंग एवं निबंध प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कृत किया गया, जिससे बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति विशेष उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं नागरिकों की सक्रिय भागीदारी रही। मुख्य अतिथि जिला पदाधिकारी साहिला तथा वन प्रमंडल पदाधिकारी भोजपुर प्रद्युम्न गौरव उपस्थित रहे। जिला पदाधिकारी ने आद्रभूमियों को प्रकृति की अमूल्य धरोहर बताते हुए उनके संरक्षण पर बल दिया। वहीं वन प्रमंडल पदाधिकारी ने इसे सामूहिक जिम्मेदारी बताते हुए भविष्य में ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित करने की बात कही।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित लोगों ने आद्रभूमि संरक्षण एवं पर्यावरण संतुलन बनाए रखने का संकल्प लिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / दिलीप कुमार ओझा
