गोरखपुर, 23 मार्च (हि.स.)। अखिल भारतीय वैश्य महासम्मेलन (उ.प्र.) के तत्वावधान में गोरखपुर जर्नलिस्ट्स प्रेस क्लब पर महिला पदाधिकारियों द्वारा एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। प्रेस वार्ता का उद्देश्य आगामी 24 मार्च 2026, मंगलवार सायं 6:00 बजे आयोजित होने वाले वैश्य महाकुंभ सम्मान समारोह एवं भजन उत्सव को भव्य एवं सफल बनाना रहा।

प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष एवं प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष श्रीमती चारू चौधरी ने कहा कि समाज की उन्नति में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम के मुख्य अतिथि डॉ. गिरीश सांधी (राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद, राज्यसभा) होंगे, जबकि अतिविशिष्ट अतिथि के रूप में गोपाल मोर (राष्ट्रीय महासचिव) एवं सुधीर एस. हलवासिया (प्रदेश अध्यक्ष) उपस्थित रहेंगे। इसके अलावा विराज सागर दास (अध्यक्ष, यूपी ओलंपिक एसोसिएशन एवं प्रबंध निदेशक, बीबीडी ग्रुप) तथा शैलेन्द्र अग्रहरि (प्रदेश महामंत्री) कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएंगे। उन्होंने सभी महिलाओं से अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में शामिल होकर इसे ऐतिहासिक बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर रीना जायसवाल (अध्यक्ष, महिला सभा जायसवाल विकास समिति) ने कहा कि यह आयोजन वैश्य समाज की एकता और सांस्कृतिक समृद्धि का प्रतीक है। शिखा गुप्ता (अध्यक्ष, महिला कसौधन सभा) ने महिलाओं की सहभागिता को कार्यक्रम की सफलता की कुंजी बताया, वहीं रेखा मोदनवाल ने भी सभी से बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
वक्ताओं ने कहा कि आज के समय में महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, ऐसे में उनका संगठित होना समाज के विकास के लिए आवश्यक है। शिक्षा, स्वावलंबन और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से महिलाओं को आगे बढ़ाने पर विशेष बल दिया गया। साथ ही महिलाओं से नेतृत्व की भूमिका निभाने और नई पीढ़ी को संस्कार व शिक्षा के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया गया।
प्रेस वार्ता में यह भी संकल्प लिया गया कि वैश्य समाज की महिलाओं को एकजुट कर उन्हें आर्थिक, सामाजिक एवं शैक्षिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएंगे।
इस दौरान पत्रकार वार्ता में अनिता अग्रवाल, मंजू अग्रवाल, रीना जायसवाल, रश्मि केसरवानी, विनीता जायसवाल, शकुंतला जायसवाल, निशि अग्रवाल, सीमा माहेश्वरी, सिंधु जायसवाल, सीता जायसवाल, मधु पोद्दार, अंजुला मोदनवाल, सविता जायसवाल, वंदना गुप्ता, रीता बरनवाल, शिखा गुप्ता, सुनैना गुप्ता, नीतू गुप्ता एवं कंचन गुप्ता सहित अनेक महिलाएं उपस्थित रहीं। अंत में कार्यक्रम से संबंधित पदाधिकारियों चारू चौधरी, रीना जायसवाल, शिखा गुप्ता एवं रेखा मोदनवाल के हस्ताक्षर भी किए गए।
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय
