कठुआ, 31 जनवरी (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने गोवंश तस्करी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए राष्ट्रीय राजमार्ग लखनपुर पर एक ट्रक से 7 गायों को मुक्त करवाया। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार कर वाहन को जब्त किया गया।

यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के निर्देशन में थाना लखनपुर की पुलिस टीम ने की। नाका चेकिंग के दौरान पंजाब से श्रीनगर जा रहे संदिग्ध ट्रक जेके22बी-7782 को रोका गया। तलाशी के दौरान वाहन में निर्दयता से लदी 7 गायें पाई गईं। पुलिस ने वाहन चालक बासित हमीद मीर निवासी कुलगाम को मौके से गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में थाना लखनपुर में एफआईआर संख्या 10/2026 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। कठुआ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि गोवंश तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी को पुलिस के साथ साझा करें, पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
