कोकराझार (असम), 09 फरवरी (हि.स.)। गोसाईगांव के श्रीरामपुर क्षेत्र में बीती रात पुलिस पर कथित गुंडागर्दी और मारपीट के गंभीर आरोप सामने आए हैं। आरोपों के अनुसार पुलिस द्वारा किए गये लाठी चार्ज के चलते दो अधिवक्ता और एक महिला घायल हो गईं। घटना के बाद इलाके में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गोसाईगांव अधिवक्ता संघ के सदस्य पश्चिम बंगाल से पिकनिक से लौट रहे थे। इसी दौरान श्रीरामपुर में राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात बाधित होने के कारण एक अधिवक्ता ने मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों से बातचीत की। बातचीत के दौरान कहासुनी बढ़ गई, जिसके बाद पुलिस द्वारा लाठीचार्ज किए जाने का आरोप है। इस घटना में दो अधिवक्ता और एक महिला घायल हो गए।
घटना के विरोध में गोसाईगांव अधिवक्ता संघ ने राष्ट्रीय राजमार्ग को अवरुद्ध कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने मौके पर पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति की मांग की और घटना में शामिल पुलिसकर्मियों को तत्काल निलंबित करने की मांग उठाई।
घायल अधिवक्ताओं को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, इस घटना को लेकर श्रीरामपुर और गोसाईगांव क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है। प्रशासन की ओर से स्थिति पर नजर रखी जा रही है।
इस दौरान एक पुलिस जवान द्वारा स्थानीय पत्रकारों के साथ भी कथित दुर्व्यवहार करने का गंभीर आरोप सामने आया है। इसको लेकर मीडियाकर्मी भी पुलिस के व्यवहार को लेकर नाराजगी व्यक्त की है। अधिवक्ताओं की ओर से शिमलटापू थाने में एक प्राथमिकी दर्ज कराई गयी है।
हिन्दुस्थान समाचार / किशोर मिश्रा
