दक्षिण 24 परगना, 10 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर हो रही बैठक में भाजपा कार्यकर्ताओं से मारपीट करने का आरोप तृणमूल पर लगा है। घटना गुरुवार रात दक्षिण 24 परगना जिला अंतर्गत गोसाबा थाने के रंगाबेलिया गांव की है।

सूत्रों के अनुसार, गुरुवार रात राजापुर पुरबा पारा में बूथ नंबर 155 के भाजपा कार्यकर्ता रमेन मैती के घर पर बैठक बुलाई थी। आरोप है कि रात करीब आठ बजे तृणमूल नेता मोस्लेम मोल्लाह के करीब 40-50 बदमाशों ने उन पर हमला कर दिया। कार्यकर्ताओं पर लाठी, लोहे की रॉड और धारदार हथियारों से हमला किया। हालांकि, कई लोग अपनी जान बचाने के लिए मौके से भाग गए। इस दाैरान दीपकुमार बेरा और सुबीर मंडल काे बुरी तरह पीटा गया।
भाजपा का आरोप है कि दीपकुमार को रॉड और डंडों से बुरी तरह पीटा गया। उसके कंधे, चेहरे और सीने पर गंभीर चोट के निशान हैं। सुबीर मंडल का गला दबाकर पीटा गया। उसके चेहरे पर नाखूनों से खरोंच के निशान भी दिख रहे हैं।
पीड़ित दीपकुमार बेरा ने कहा कि अंधेरे का फ़ायदा उठाकर तृणमूल नेता मोस्लेम मोल्लाह, अली मोल्लाह और रहीम गाज़ी मुझे खेत में ले जाकर पीटा। इस दाैरान लगभग 50-60 लोग माैजूद थे।
घटना की खबर पाकर गोसाबा से भाजपा उम्मीदवार विकर्ण नस्कर देररात करीब 11 बजे घायलों को देखने अस्पताल पहुंचे। इसके बाद वे गोसाबा थाने में आरोपितों के खिलाफ शिकायत दर्ज की गई। विकर्ण नस्कर ने कहा कि तृणमूल कांग्रेस लोकतंत्र को दबाने की कोशिश कर रही है। विकर्ण नस्कर ने कहा कि अगर 24 घंटे के अंदर दोषियों को गिरफ़्तार नहीं किया गया, तो हज़ारों भाजपा कार्यकर्ता गोसाबा थाने का घेराव करेंगे।
इस घटना को लेकर पूरे इलाके में तनाव का माहौल है। खबर लिखे जाने तक तृणमूल की तरफ़ से कोई प्रतिक्रया नहीं आई थी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / गंगा
