
सिलीगुड़ी, 17 मार्च (हि. स.)। तृणमूल कांग्रेस की बहुप्रतीक्षित उम्मीदवार सूची जारी होते ही उत्तर बंगाल की राजनीति में नई हलचल तेज हो गई है। सभी अटकलों पर विराम लगाते हुए सिलीगुड़ी विधानसभा सीट से इस बार पार्टी ने अनुभवी नेता और सिलीगुड़ी नगर निगम के वर्तमान मेयर गौतम देव को उम्मीदवार बनाया है।

पिछले विधानसभा चुनाव में हार का सामना करने के बावजूद पार्टी ने एक बार फिर उन पर भरोसा जताया है।
माना जा रहा है कि गौतम देव जैसे मजबूत और अनुभवी उम्मीदवार के मैदान में उतरने से सिलीगुड़ी का मुकाबला इस बार और भी दिलचस्प हो जाएगा।
वहीं, इस बार की सूची में सबसे बड़ी घटना डाबग्राम-फुलबाड़ी सीट को लेकर सामने आया है। इस हाई-वोल्टेज सीट पर तृणमूल कांग्रेस ने रंजनशील शर्मा को टिकट दिया है। लंबे समय से राजनीति में सक्रिय रंजनशील को इस कठिन मुकाबले में उतारकर पार्टी ने बड़ा दांव चला है।
भाजपा के मजबूत गढ़ माने-जाने वाले इस क्षेत्र में रंजनशील शर्मा के उम्मीदवार बनने से डाबग्राम-फुलबाड़ी का चुनाव अब पूरे जिले की सबसे चर्चित लड़ाई बन गया है। टिकट मिलने के बाद दोनों ही उम्मीदवार चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी में जुट गए है।
सिलीगुड़ी और आसपास के डाबग्राम-फुलबाड़ी क्षेत्र में जीत हासिल करने के लिए तृणमूल कांग्रेस ने अभी से रणनीति बनानी शुरू कर दी है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
