कठुआ, 06 फरवरी (हि.स.)। कठुआ पुलिस ने लखनपुर नेशनल हाईवे पर बड़ी कार्रवाई करते हुए गौ-तस्करी की कोशिश को नाकाम कर दिया। पुलिस थाना लखनपुर की टीम ने नाके के दौरान एक संदिग्ध ट्रक को रोककर जांच की जिसमें क्रूरता से ले जाए जा रहे 18 गोवंश बरामद किए गए। इस दौरान दो तस्करों को मौके पर गिरफ्तार कर ट्रक को जब्त कर लिया गया।

यह कार्रवाई एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राहुल चारक और एसडीपीओ बसोहली ओम प्रकाश के मार्गदर्शन में की गई। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सरफराज खटाना निवासी सिधरा जम्मू और तालिब अहमद खटाना निवासी अनंतनाग के रूप में हुई है। मामले में थाना लखनपुर में एफआईआर नंबर 13/2026 के तहत संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। कठुआ पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि गौ-तस्करी से जुड़ी किसी भी सूचना को तुरंत पुलिस के साथ साझा करें, सूचना देने वाले की पहचान गोपनीय रखी जाएगी

—————
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया
