सुलतानपुर, 10 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद सुलतानपुर में अखिल भारतीय सनातन परिवार की जिला इकाई ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट परिसर में प्रदर्शन किया। राष्ट्रपति को संबोधित एक मांग पत्र सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। इस ज्ञापन में गौ माता को भारत की राष्ट्र माता का दर्जा दिए जाने की मांग की गई है। संगठन के पदाधिकारियों ने बताया कि सनातन धर्म में गाय को पुरातन काल से सर्वोच्च स्थान प्राप्त है। करोड़ों हिंदू समुदाय इसे आस्था व श्रद्धा के साथ मां का दर्जा देते हैं। ज्ञापन में कई प्रमुख मांगें रखी गईं। इनमें सभी राज्यों को गाय को राष्ट्र माता घोषित करने के लिए जनादेश एकत्रित करने का निर्देश देना शामिल है। इसके अतिरिक्त गोहत्या प्रतिबंधित करने की मांग की गई। संगठन ने शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद को विशेष सुरक्षा प्रदान करने और उनके गौ रक्षा महा अभियान की मांगों को लागू करने का भी आग्रह किया। इस मौके पर पर राहुल तिवारी, वरुण मिश्रा, सुभाष पाठक, राजदेव शुक्ला आदि मौजूद रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त
