औरैया, 14 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद अजीतमल कोतवाली क्षेत्र में शनिवार सुबह लकड़ी काटते समय ग्राइंडर मशीन की चपेट में आने से 18 वर्षीय युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में युवक का पैर बुरी तरह कट गया, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। परिजन और आसपास के लोगों ने उसे तुरंत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अजीतमल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

अजीतमल कोतवाल के अनुसार दीपांशु (18) बचपन से अपने नाना जगत नारायण निवासी गढ़ा आजादनगर, अजीतमल के यहां रहते है। शनिवार सुबह वह घर के पास ग्राइंडर मशीन की मदद से लकड़ी काट रहा था। इसी दौरान अचानक उसका पैर मशीन की चपेट में आ गया। तेज धार वाली मशीन लगने से युवक का पैर गंभीर रूप से जख्मी हो गया। आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद आनन-फानन में घायल युवक को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतमल ले जाया गया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने तुरंत प्राथमिक उपचार शुरू किया। हालांकि चोट ज्यादा गंभीर होने के कारण चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार
