बिजनौर, 09 फरवरी (हि .स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बिजनौर के नूरपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत राजा का ताजपुर चौकी क्षेत्र के गांव जमालपुर किरत में बीती रात चोरी की एक बड़ी वारदात होते-होते टल गई। ग्रामीणों की सतर्कता के चलते चोर अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके।

देर रात लगभग 2 से 3 चोरों ने गांव के एक बंद पड़े मकान को निशाना बनाया। चोर जैसे ही घर के अंदर घुसे, आहट सुनकर आसपास के पड़ोसी जाग गए। शोर-शराबा सुनते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। खुद को घिरता देख चोरों में भगदड़ मच गई। ग्रामीणों ने घेराबंदी कर एक चोर को रंगे हाथों पकड़ लिया, जबकि उसके दो अन्य साथी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पकड़े गए चोर की पिटाई कर दी और उसे गांव में ही बिजली के खंभे से बांध दिया।

सूचना मिलने पर नूरपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। जब पुलिस ने आरोपी को खंभे से छुड़ाने की कोशिश की, तो ग्रामीणों का गुस्सा और भड़क गया। इस बात को लेकर ग्रामीणों और पुलिस के बीच तीखी नोंक-झोंक भी हुई। ग्रामीण फरार चोरों की तत्काल गिरफ्तारी और पकड़े गए आरोपी पर सख्त कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे।
थानाध्यक्ष नूरपुर का कहना है पकड़े गए आरोपित से पूछताछ चल रही है जांच के बाद कार्यावाही की जायेगी |————
हिन्दुस्थान समाचार / नरेन्द्र
