– लापरवाही बरतने पर मैदानी अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई के निर्देश

ग्वालियर, 07 मार्च (हि.स.)। मध्य प्रदेश के ग्वालियर में कलेक्टर रुचिका चौहान ने शनिवार को प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना से जुड़े विभागीय अधिकारियों की बैठक लेकर योजना के क्रियान्वयन की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना के माध्यम से युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराए जाएं। योजना के तहत जिले को प्राप्त लक्ष्य के अनुरूप युवाओं को लाभ मिले, यह सुनिश्चित किया जाए। योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों और मैदानी अमले के विरूद्ध भी सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
कलेक्ट्रेट में आयोजित समीक्षा बैठक में योजना के तहत विभिन्न बैंको को प्रेषित प्रकरणों की स्वीकृति तत्परता से कराने के निर्देश भी दिए गए। साथ ही योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्रवाई का भी निर्णय लिया गया। बैठक में अपर कलेक्टर कुमार सत्यम, सीईओ जिला पंचायत सोजान सिंह रावत, सहायक संचालक उद्यानिकी एम पी एस बुंदेला, लीड बैंक अधिकारी अमिता शर्मा, परियोजना अधिकारी विनीत गुप्ता सहित विभाग से जुड़े अन्य मैदानी अधिकारी भी उपस्थित थे।
कलेक्टर रुचिका चौहान ने समीक्षा के दौरान कहा कि शासन की इस महत्वपूर्ण योजना के तहत जिले के 103 हितग्राहियों को लाभान्वित करने के लक्ष्य के विरूद्ध अब तक मात्र 42 हितग्राहियों को विभिन्न बैंकों के माध्यम से स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही 66 प्रकरणों में विभिन्न बैंकों द्वारा कार्रवाई प्रचलित है। उन्होंने लीड बैंक अधिकारी को निर्देशित किया कि सभी बैंकों से समन्वय स्थापित कर बैंकों में लंबित सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर ने यह भी निर्देशित किया है कि विभिन्न बैंकों द्वारा छोटी-छोटी कमियों के कारण 29 प्रकरणों को निरस्त करने की कार्रवाई की है।
कलेक्टर ने कहा कि इन सभी प्रकरणों का पुन: परीक्षण कर बैंकों को भेजकर स्वीकृति प्रदान कराई जाए। उन्होंने योजना के क्रियान्वयन में लापरवाही एवं रुचि न दिखाने पर तीन जिला रिसोर्स पर्सन रीतेश मंगल, राकेश बागरिया एवं अजय चोपड़ा की सेवायें समाप्त करने के निर्देश दिए हैं। इसके साथ ही जिला रिसोर्स पर्सन योगेश मित्तर, अक्षय अग्रवाल, पवन शर्मा व देवेश कुमार गुप्ता को 10 दिन में लक्ष्य की शतप्रतिशत पूर्ति करने के निर्देश दिए हैं। कलेक्टर ने समीक्षा के दौरान कम लक्ष्यपूर्ति करने वाले सतीश त्यागी, रवि साहू व योगेन्द्र सिंह राजपूत की दो – दो वेतन वृद्धि रोकने के नोटिस जारी करने के निर्देश दिए हैं। बैठक में ग्रामीण आजीविका मिशन के परियोजना अधिकारी को स्व-सहायता समूह की महिला सदस्यों को उक्त योजना के प्रकरण बनाकर लाभ प्रदान कराने के निर्देश भी दिए गए।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / मुकेश तोमर
