नवादा,16 मार्च (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी के नेता तथा राज्यसभा सांसद डॉ भीम सिंह चंद्रवंशी ने नवादा जिले के नरहट थाने के हमीदपुर बारा गांव में दबंगों द्वारा चंद्रवंशी समाज के लोगों का घर तोड़ने तथा उत्पीड़न करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के साथ ही मुआवजे की मांग की है। उन्होंने सोमवार को कहा कि

नवादा जिले से मानवता को शर्मसार करने वाली एक घटना की जानकारी मिली है,जहां नरहट थाना क्षेत्र के हमिदपुर बारा गाँव में दबंगों ने न केवल एक चंद्रवंशी परिवार का आशियाना उजाड़ दिया, बल्कि एक छात्रा के भविष्य को भी अंधकार में धकेल दिया। गांव के हीं दबंगों द्वारा प्रेम प्रसंग के एक मामले को लेकर पूरे चंद्रवंशी समाज को निशाना बनाया जा रहा है, जिससे इलाके में भारी तनाव और खौफ का माहौल है।
उन्होंने कहा कि इस संबंध में नवादा के जिला अधिकारी तथा पुलिस अधीक्षक से भी बात कर दबंग के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए पाटो को मुआवजा देकर घर बनवाने की भी मांग की गई है।
जानकारी मिली है कि पंचायत समिति सदस्य के नेतृत्व में जेसीबी से दबंगों का कहर गणेश चंद्रवंशी के घर पर टूटा। आरोप है कि पंचायत समिति सदस्य प्रवेश यादव के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग जेसीबी लेकर पहुँचे और देखते ही देखते गणेश सिंह चंद्रवंशी के पक्के मकान को जमींदोज कर दिया। पीड़ित परिवार का आरोप है कि घर गिराने के साथ-साथ दबंगों ने 05 गाय और बछिया खोल लीं साथ हीं घर में रखी टोटो गाड़ी, जेवरात, गेहूं और चावल लूट लिए। घर की महिलाओं के साथ बदसलूकी और छेड़छाड़ की गई। सांसद डॉक्टर सिंह ने कहा है कि जल्दी जिला प्रशासन जांच कर सख्त कार्रवाई करें ताकि गरीबों की इज्जत बच सके।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजय कुमार सुमन
