फर्रुखाबाद, 02 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रुखाबाद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के गांव अमैयापुर पूर्वी में सोमवार को घर में पानी भरने के लिए बनाए गए गड्ढे में डूबने से 14 माह के मासूम की मौत हो गई। हादसे के बाद मां अर्चना, दादी रामरति सहित भाई-बहन प्रांशु और रुचि का रो-रोकर बुरा हाल है।

मां अर्चना ने बताया कि वह दोपहर के समय घरेलू कार्य कर रही थी और शुभयांश चारपाई पर खेल रहा था। करीब दोपहर 12 बजे जब बच्चा चारपाई पर दिखाई नहीं दिया तो उन्होंने उसकी तलाश शुरू की। दरवाजे की ओर जाते समय घर में बने गड्ढे में बच्चे के बाल दिखाई दिए। परिजनों ने उसे तुरंत बाहर निकाला, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। अपर पुलिस अधीक्षक अरुण कुमार ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Chandrapal Singh Sengar
