चंडीगढ़, 22 अप्रैल (हि.स.)। चंडीगढ़ पुलिस ने बुधवार अल सुबह हरियाणा के एक गैंगस्टर को मुठभेड़ के बाद काबू कर लिया। दोनों तरफ से करीब 5 राउंड फायरिंग हुई, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान मुकेश गोलू के रूप में हुई है, जो हरियाणा के गोहाना का रहने वाला है। मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में सेक्टर-16 के अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार उन्हें सूचना मिली थी कि आरोपी चंडीगढ़ में किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसके बाद ऑपरेशन सेल की टीम ने सेक्टर-25 के रैली ग्राउंड के पास उसकी घेराबंदी की। जैसे ही पुलिस ने उसे रोकने की कोशिश की, आरोपी ने भागने का प्रयास करते हुए पुलिस पर फायरिंग कर दी।
पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई करते हुए फायरिंग की। दोनों ओर से कुल 5 राउंड फायर हुए, जिनमें से 3 राउंड आरोपी ने और 2 राउंड पुलिस की ओर से चलाए गए। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी और पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मौके से 5 जिंदा कारतूस और हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस के मुताबिक आरोपी मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश से हथियार लाकर पंजाब और हरियाणा में सप्लाई करता था। चंडीगढ़ के थाना मलोया में उसके खिलाफ साल 2021 में हथियार तस्करी का मामला दर्ज है।
चंडीगढ़ पुलिस लंबे समय से उसकी तलाश कर रही थी और उसे पीओ घोषित किया गया था।
हिन्दुस्थान समाचार / GURSHARAN SINGH
