हुगली, 14 मार्च (हि.स.)। हुगली जिले के चंदननगर के सुरेर पुकुर इलाके में स्थित एक गोदाम में शुक्रवार रात भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग बुझाने के लिए दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और देर रात तक आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा।

स्थानीय लोगों और दमकल सूत्रों के अनुसार, इस गोदाम में टूटे-फूटे सामान रखे जाते थे। हालांकि आग कैसे लगी, इसका कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, देर रात अचानक एक के बाद एक सिलेंडर फटने जैसी आवाजें सुनाई दीं, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। आवाज सुनकर कई लोग घरों से बाहर निकल आए। तभी उन्होंने देखा कि गोदाम में तेज लपटों के साथ आग लगी हुई है और आसपास का इलाका काले धुएं से भर गया है।
स्थानीय लोगों ने शुरुआत में खुद ही आग बुझाने की कोशिश की और बाद में दमकल विभाग को सूचना दी। सूचना मिलने के कुछ ही देर बाद दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों के अनुसार फिलहाल स्थिति नियंत्रण में है।
इस घटना को लेकर स्थानीय निवासियों में नाराजगी भी देखने को मिली। उनका आरोप है कि गोदाम के अंदर लोहे की कटाई का काम किया जाता था, जिससे तेज आवाज और दुर्गंध के कारण इलाके में रहना मुश्किल हो जाता था। आग की घटना में कई वाहन जलकर राख हो जाने की भी आशंका जताई गई है।
स्थानीय लोगों का यह भी कहना है कि उन्होंने कई बार प्रशासन से गोदाम बंद कराने की मांग की थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
घटना की सूचना मिलने के बाद चंदननगर के डिप्टी मेयर मुन्ना अग्रवाल और स्थानीय पार्षद मोहित नंदी भी मौके पर पहुंचे। मुन्ना अग्रवाल ने कहा कि गोदाम को लेकर पहले कभी कोई शिकायत नहीं मिली थी और आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है। इस घटना में अब तक किसी के हताहत होने की खबर नहीं है, हालांकि स्थानीय लोगों का दावा है कि इससे पहले भी इस गोदाम में आग लग चुकी है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
