सिलीगुड़ी, 13 अप्रैल (हि.स.)। माटीगाड़ा-नक्सलबाड़ी विधानसभा क्षेत्र से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार शंकर मालाकार ने चाय बागान इलाकों में जोरदार चुनाव प्रचार किया। चाय श्रमिकों के बीच पहुंचकर उन्होंने केंद्र सरकार की कथित असहयोगिता का मुद्दा उठाया।

सोमवार सुबह नक्सलबाड़ी चाय बागान में प्रचार के दौरान उनके साथ आईएनटीटीयूसी के जिला अध्यक्ष निरजल दे, एसटी ब्लॉक अध्यक्ष अजय उरांव, मोहम्मद शमशेर समेत अन्य नेता मौजूद थे। इस दौरान उम्मीदवार ने राज्य सरकार के विकास कार्यों को गिनाते हुए लोगों से वोट की अपील की।
शंकर मालाकार ने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की बाधाओं के कारण राज्य की ‘चाय सुंदरी’ जैसी योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक नहीं पहुंच पा रहा है। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व पर भरोसा रखते हुए चाय बागान के श्रमिक इस बार तृणमूल के पक्ष में 100% मतदान करेंगे।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री के चुनावी प्रचार का असर उल्टा पड़ेगा और इससे तृणमूल के वोट और बढ़ेंगे। इस सीट पर तृणमूल का कोई मजबूत प्रतिद्वंद्वी नहीं है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
