सिलीगुड़ी, 26 मार्च (हि. स)। सिलीगुड़ी महकमा के खोरीबाड़ी के भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र पानीटंकी में तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार रीना टोप्पो एक्का ने चुनावी अभियान की शुरुआत मंदिर में पूजा-अर्चना के साथ की है।गुरुवार को पानीटंकी स्थित शिव मंदिर में पूजा करने के बाद उन्होंने एक दुर्घटना में घायल युवक से मुलाकात की और उसका हालचाल जाना। हर संभव मदद का आश्वासन भी दिया।

रीना टोप्पो एक्का ने सीमा इलाके के सतीशचंद्र चाय बागान में पहुंचकर चाय श्रमिकों से जनसंपर्क किया। खास बात यह रही कि एक समय खुद चाय श्रमिक रह चुकीं उम्मीदवार को इस दौरान चाय की पत्तियां तोड़ते हुए भी देखा गया।
चाय बागान के श्रमिकों से समर्थन मांगते हुए उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के विकास कार्यों को देखते हुए इस बार जनता उनका साथ देगी। उन्होंने अपनी जीत को लेकर भरोसा जताया और कहा कि उन्हें प्रचार के दौरान अच्छा जनसमर्थन मिल रहा है।
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन कुमार
