बरेली, 07 फरवरी (हि.स.) । उत्तर प्रदेश में बरेली जनपद के शेरगढ़ थाना क्षेत्र में चारा काटने गए किसान की बेरहमी से हत्या कर दी गई। शनिवार सुबह गांव के बाहर गन्ने के खेत में उनका खून से लथपथ शव मिलने से सनसनी फैल गई। सूचना पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य जुटाए।

मृतक की पहचान डूंगरपुर देहात गांव निवासी 60 वर्षीय रामदास के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक वह शुक्रवार दोपहर खेत पर चारा काटने गए थे, लेकिन देर शाम तक घर नहीं लौटे। रातभर परिवार और ग्रामीणों ने उनकी तलाश की, मगर कोई सुराग नहीं लगा। शनिवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान गन्ने के खेत में उनका शव पड़ा मिला।

ग्रामीणों ने बताया कि रामदास के सिर और पैरों पर धारदार हथियार से कई वार किए गए थे। खेत में जगह-जगह खून फैला था, जिससे हत्या की बेरहमी का अंदाजा लगाया जा रहा है। जिस स्थान पर शव मिला, उससे करीब 70 मीटर दूर बरसीम से भरा बोरा पड़ा मिला। आशंका है कि गांव लौटते समय रास्ते में उन्हें घेरकर वारदात को अंजाम दिया गया।
घटना से परिवार में कोहराम मचा है। पत्नी और परिजन रो-रोकर बेहाल है, वहीं दिनदहाड़े हुई हत्या से गांव में दहशत और आक्रोश का माहौल है।
एसपी उत्तरी मुकेश चंद मिश्रा ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला सुनियोजित हत्या का प्रतीत होता है। शव पर धारदार हथियार के गहरे घाव मिले हैं। फॉरेंसिक साक्ष्य जुटाकर शव पोस्टमार्टम को भेजा गया है। परिजनों की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस कई एंगल से जांच में जुटी है। जल्द घटना के खुलासे का दावा किया गया है।
हिन्दुस्थान समाचार / देश दीपक गंगवार
