बजाली (असम), 14 मार्च (हि.स.)। बजाली ज़िले में पाठशाला फ्लाईओवर पर एक चार-पहिया वाहन के एक खड़े मालवाहक कंटेनर से टकरा जाने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गए।
पाठशाला पुलिस ने शनिवार काे बताया कि यह दुर्घटना तब हुई जब धुबड़ी ज़िले से गुवाहाटी की ओर जा रहा वाहन, फ्लाईओवर पर खड़े एक मालवाहक कंटेनर से टकरा गया।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि वाहन में सवार लोगों में से एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य को गंभीर चोटें आईं। मृतक की पहचान गौतम मुर्तज़ा चाकी के रूप में हुई है, जो धुबड़ी ज़िले के बिलासीपारा स्थित आनंदपुर का रहने वाला था।
घटना के तुरंत बाद पाठशाला पुलिस थाने की पुलिस दुर्घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। अधिकारियों ने बताया कि घायलों को इलाज के लिए पास के एक अस्पताल में ले जाया गया। साथ ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच में जुटी हुई है। ——————–
हिन्दुस्थान समाचार / अरविन्द राय
