कोडरमा, 20 मार्च (हि.स.)। पत्नी की शिकायत पर जयनगर पुलिस की ओर से थाना लाए गए एक व्यक्ति ने हाजत में फंंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली।

मृतक की पहचान परसाबाद के कटिया गांव निवासी विजय यादव (40) के रूप में की गई है। जानकारी के अनुसार बीती रात विजय यादव की पत्नी चमेली देवी ने परसाबाद पिकेट में जाकर लिखित आवेदन देकर शिकायत कर कहा था उसके पति शराब के नशे में उनके साथ मारपीट करते हैं। पत्नी ने आवेदन में कथा था कि उसक पति आये दिन उसके साथ मारपीट, गाली गलौज और दुर्व्यवहार करते हैं।
आवेदन पर परसाबाद पिकेट प्रभारी प्रमोद सिंह कटिया गांव में विजय यादव के घर गए और विजय को हिरासत में लेकर जयनगर थाने ले आए। इसके बाद विजय को जयनगर थाना के हाजत में ही रखा गया था। शुक्रवार की सुबह जयनगर पुलिस की ओर से विजय को नाश्ता कराया गया था। इसी बीच उसकी पत्नी और पुत्री थाने आई और विजय से बातचीत की, फिर पत्नी और पुत्री थाने से बाहर निकल गई। इन सब के बीच पुलिस की थोड़ी सी
गैरमौजूदगी में विजय ने फंदे से लटक कर खुदकुशी कर ली।
पुलिस विजय को आनन फानन में लेकर सदर अस्पताल पहुंची, जहां मौजूद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। जयनगर पुलिस का कहना है कि उसके गले में धागे का एक माला था, उसी से उसने अपने गले को दबा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। हांलाकि सदर अस्पताल के चिकित्सक का कहना है कि उसकी मौत फंदे पर लटकने से हुई है। अब पोस्टमार्टम आने के बाद ही यह मामला स्पष्ट हो पाएगा।
इधर, मुख्यालय डीएसपी रतिभान सिंह ने साफ तौर पर कहा कि अगर इस मामले में किसी भी पुलिसकर्मी की लापरवाही सामने आती है तो उसपर विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। मृतक पेशे से ट्रक चालक था। वह अपने पीछे दो पुत्री और एक पुत्र को छोड़ गया। मृतक की पत्नी चमेली देवी ने कहा कि उनके पति विजय नित्य शराब के नशे में घर आते थे और उनके साथ मारपीट किया करते थे। वे कई बार वह शराब के नशे में आकर पत्नी और बच्चाें को घर से बाहर भी निकाल दिया करते थे।
दो दिन पूर्व भी वे शराब के नशे में धुत होकर घर आए और उनके साथ मारपीट की। ग्रामीणों ने उन्हें बचाया। बीती रात भी वे शराब के नशे में आए और मुझे घर से बाहर निकलने को कहने लगे। जब मैंने दरवाजा नहीं खोला तो उन्होंने मेरी जेठानी को फोन लगाया और कहा कि आज इसे जान से मार दूंगा। इसके बाद ये भागकर परसाबाद पिकेट पहुंची और इसकी शिकायत पुलिस से की।
वहीं घटना के बाद मृतक के परिजनों ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई सहित मुआवजे की मांग को लेकर जयनगर थाना में जमकर हंगामा किया। परिजनों का कहना है कि बीती रात जो पुलिसकर्मी विजय को हिरासत में लेने के लिए उसके गांव आए थे, उनलोगों ने विजय के साथ बेरहमी से मारपीट की है। विशेष कर परसाबाद पिकेट के वाहन चलाने वाले चंदन कुमार पर आरोप लगाया जा रहा है कि उसने विजय को ज्यादा पीटा था। बताया जाता है कि हाजत में बंद विजय ने वहां रखे कम्बल को फाड़कर उससे फांसी का फंदा बनाया और खुदकुशी कर ली।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संजीव समीर
