हुगली, 10 मार्च (हि. स.)। हुगली जिले के चुंचुड़ा में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की ‘परिवर्तन यात्रा’ को लेकर तृणमूल कांग्रेस के विधायक असित मजूमदार और भाजपा नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है। चुंचुड़ा के विधायक असित मजूमदार ने मंगलवार को भाजपा की यात्रा पर तंज कसते हुए इसके जवाब में ‘विकास यात्रा’ निकालने की घोषणा की।

मजूमदार ने दावा किया कि हाल ही में चुंचुड़ा विधानसभा क्षेत्र में निकाली गई भाजपा की परिवर्तन यात्रा में शामिल अधिकांश वाहन उत्तर प्रदेश से लाए गए थे। उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा कि क्या बंगाल में गाड़ियों की कमी हो गई है? क्या चुंचुड़ा में गाड़ियां नहीं हैं कि उत्तर प्रदेश से लानी पड़ रही हैं? इससे भाजपा की स्थिति का अंदाजा लगाया जा सकता है।
विधायक ने कहा कि परिवर्तन यात्रा में आम लोगों की भागीदारी बहुत कम दिखाई दी। उनका आरोप है कि वहां गाड़ियों की संख्या तो अधिक थी, लेकिन लोगों की मौजूदगी बहुत कम थी।
इसके जवाब में असित मजूमदार ने घोषणा की कि 22 मार्च को चुंचुड़ा विधानसभा क्षेत्र में ‘विकास यात्रा’ निकाली जाएगी। उन्होंने कहा कि उस दिन जनता खुद बता देगी कि वह किसके साथ है और लोग तृणमूल कांग्रेस तथा मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के समर्थन में हैं।
उधर भाजपा नेता सुरेश साव ने विधायक के बयान पर पलटवार करते हुए कहा कि भारत में किसी भी राज्य के वाहन कहीं भी आ सकते हैं। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा, “क्या विधायक यह कहना चाहते हैं कि यहां पाकिस्तान या बांग्लादेश की गाड़ियां चलेंगी?”
भाजपा नेता ने दावा किया कि राज्य की जनता परिवर्तन का मन बना चुकी है। उनके अनुसार, लोग केवल चुंचुड़ा ही नहीं बल्कि पूरे पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस के विधायकों को सत्ता से हटाकर भाजपा की सरकार बनाना चाहते हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
