हुगली, 16 मार्च (हि.स.)। विधानसभा चुनाव की घोषणा के साथ ही जिले में चुनाव आचार संहिता लागू हो गई है। यह जानकारी हुगली के जिला मजिस्ट्रेट खुर्शीद अली कादरी ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में दी।

उन्होंने बताया कि हुगली जिले में एक नया मतदान केंद्र जोड़ा गया है, जो चंदननगर के एक आवासीय परिसर में बनाया जाएगा। इसके साथ ही जिले में कुल मतदान केंद्रों की संख्या बढ़कर हजार 238 हो गई है। इनमें एक हजार 61 महिला संचालित बूथ और 345 मॉडल बूथ होंगे।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि चुनाव के दौरान फ्लाइंग स्क्वाड पर विशेष जोर रहेगा। यदि किसी मतदाता को पैसे देकर या किसी अन्य तरीके से प्रभावित करने की कोशिश की गई तो उसके खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही नाका चेकिंग के जरिए अवैध हथियारों की धरपकड़ की जाएगी और लाइसेंसधारी हथियारों को जमा करना अनिवार्य होगा।
उन्होंने बताया कि हुगली जिले में फिलहाल कुल 44 लाख 40 हजार 293 मतदाता हैं। इनमें 22 लाख 36 हजार 413 पुरुष, 22 लाख तीन हजार 787 महिलाएं और 93 तृतीय लिंग के मतदाता शामिल हैं। जिले में 100 वर्ष से अधिक आयु के 103 मतदाता हैं, जबकि 85 वर्ष से अधिक आयु के मतदाताओं की संख्या 26 हजार 665 है।
जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि सभी मतदान केंद्रों पर वेबकास्टिंग उकी व्यवस्था की जाएगी और केंद्रीय बलों की तैनाती भी होगी। जिन मतदान केंद्रों पर पहले गड़बड़ी की घटनाएं हुई हैं, वहां अतिरिक्त निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने बताया कि सभी बूथों पर पहले ही सुरक्षा बलों द्वारा फ्लैग मार्च किया जा चुका है।
इसके अलावा, जिन मतदाताओं के नाम हटाए गए थे और जिन्होंने फॉर्म-6 के जरिए आवेदन किया है, उनकी सुनवाई भी शुरू की जाएगी। लंबित या विवादित मतदाताओं के भविष्य को लेकर पूछे गए सवाल पर जिला मजिस्ट्रेट ने कहा कि इस संबंध में अंतिम फैसला न्यायिक प्रक्रिया के तहत किया जाएगा।
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
