हुगली, 16 मार्च (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करते हुए सोमवार सुबह से बैंडेल रेलवे स्टेशन पर व्यापक तलाशी अभियान चलाया गया। इस अभियान में गवर्नमेंट रेलवे पुलिस (जीआरपी) और रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवान शामिल रहे।

अधिकारियों के अनुसार, चुनाव से पहले किसी भी प्रकार की नाशकता या अवैध गतिविधि को रोकने के उद्देश्य से स्टेशन परिसर और ट्रेनों में यात्रियों के सामान की सघन जांच की जा रही है। प्लेटफॉर्म पर खड़े यात्रियों के बैगों की जांच के साथ-साथ पुलिसकर्मी ट्रेनों में चढ़कर हैंड मेटल डिटेक्टर की मदद से लगेज की तलाशी ले रहे हैं।
पुलिस संदिग्ध लगने वाले यात्रियों से पूछताछ भी कर रही है। बड़े सूटकेस से लेकर बोरे और अन्य बैगों तक की मेटल डिटेक्टर से जांच की जा रही है ताकि किसी भी प्रकार के अवैध हथियार या नकदी की तस्करी को रोका जा सके।
यात्रियों का कहना है कि सुरक्षा के लिहाज से इस तरह की जांच केवल चुनाव के समय ही नहीं, बल्कि पूरे वर्ष नियमित रूप से की जानी चाहिए, ताकि रेल यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके।
तुजम्माल हक, थाना प्रभारी (ओसी), बैंडेल जीआरपी ने बताया कि चुनाव की घोषणा के बाद सतर्कता बढ़ा दी गई है। उन्होंने कहा कि किसी भी तरह की दुर्घटना या नाशकता को रोकने के लिए स्टेशन और ट्रेनों में लगातार निगरानी रखी जा रही है।
उन्होंने कहा कि यात्रियों को भी आश्वस्त किया जा रहा है ताकि वे सुरक्षित रूप से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें। साथ ही अवैध हथियार या नकदी की तस्करी को रोकने के लिए अब से प्रतिदिन नियमित रूप से जांच अभियान चलाया।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
