मुर्शिदाबाद, 03 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में चुनाव से पहले पुलिस की सक्रियता के बीच विभिन्न जिलों से लगातार आग्नेयास्त्र बरामद किए जा रहे हैं। मुर्शिदाबाद जिले में पुलिस ने एक देशी पिस्तौल और गोलियां बरामद कर एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है।

शुक्रवार को पुलिस ने बताया कि मुर्शिदाबाद के हरिहरपाड़ा थाना क्षेत्र के सदानंदपुर इलाके में गुरुवार रात गुप्त सूचना के आधार पर अभियान चलाया गया। इस दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर तलाशी ली गई, जिसमें उसके पास से एक देशी पिस्तौल और दो राउंड गोली बरामद हुई।
गिरफ्तार युवक की पहचान जिल्लार शेख के रूप में हुई है। शुक्रवार को उसे बहरामपुर जिला अदालत में पेश किया गया, जहां पुलिस ने सात दिन की हिरासत की मांग की है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि इस मामले में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।
इसी तरह भाटपाड़ा में भी गुरुवार तड़के पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर तलाशी अभियान चलाया। इस दौरान दो आग्नेयास्त्र और तीन राउंड कारतूस बरामद किए गए तथा दो लोगों को गिरफ्तार किया गया।
वहीं नदिया जिले में भी हाल ही में हथियार बरामदगी से सनसनी फैल गई। मंगलवार रात ताहेरपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक आग्नेयास्त्र, कारतूस और कुछ धारदार हथियार बरामद किए। इस मामले में एक युवक को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनाव से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और विभिन्न स्थानों पर नाका चेकिंग चल रही है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
