हुगली, 05 अप्रैल (हि. स.)। जिले के सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र से भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवार स्वराज घोष ने रविवार को अपने चुनावी कार्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मीडिया के सामने अपनी बात रखी।

इस दौरान स्वराज घोष ने प्रादेशिक और स्थानीय मुद्दों पर खुलकर अपनी राय व्यक्त की। उन्होंने आरोप लगाया कि तृणमूल कांग्रेस के शासनकाल में सप्तग्राम विधानसभा क्षेत्र में आम जनता को मूलभूत सुविधाओं का समुचित विकास नहीं मिला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा, स्वास्थ्य, जल निकासी, पेय जल समेत कई क्षेत्रों में यह इलाका पिछड़ा हुआ है।
भाजपा उम्मीदवार ने कहा कि धान और आलू किसानों की स्थिति भी राज्य सरकार की नीतियों के कारण लगातार खराब होती जा रही है, और कई किसानों ने आत्महत्या तक कर ली है।
उन्होंने वादा किया कि यदि वे चुनाव जीतते हैं, तो सबसे पहले क्षेत्र में एक सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनवाया जाएगा, जिससे लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें। इसके अलावा शिक्षा, जल निकासी और पेयजल जैसी बुनियादी सुविधाओं के विकास पर भी जोर दिया जाएगा।
स्वराज घोष ने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार की नीतियों के कारण लोगों को आयुष्मान कार्ड का लाभ नहीं मिल पा रहा है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार द्वारा जारी स्वास्थ्य साथी कार्ड सीमित अस्पतालों में ही मान्य है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। यदि पश्चिम बंगाल में भाजपा की सरकार बनती है, तो केंद्र सरकार के सहयोग से सप्तग्राम सहित पूरे राज्य में तेजी से विकास कार्य किए जाएंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
