गुवाहाटी, 27 मार्च (हि.स.)। असम के मुख्यमंत्री डॉ हिमंत बिस्व सरमा ने शुक्रवार को ऑल इंडिया यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (एआईयूडीएफ) प्रमुख बदरुद्दीन अजमल के बयान पर तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि राज्य में अवैध घुसपैठ के खिलाफ उनकी सरकार की सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

मुख्यमंत्री ने पिछले पांच वर्षों का उल्लेख करते हुए कहा कि इस दौरान कड़े कदम उठाए गए हैं और आने वाले समय में इससे भी अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी। उनका यह बयान अजमल द्वारा मुख्यमंत्री को चुनौती देने वाले हालिया बयान के जवाब में आया है।
मुख्यमंत्री डॉ. सरमा बिहपुरिया में एक चुनावी सभा को संबोधित कर रहे थे, जहां उन्होंने भाजपा उम्मीदवार भूपेन बोरा के समर्थन में प्रचार किया। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी को जनसमर्थन मिलने के बाद क्षेत्र में तेज गति से विकास होगा।
इस अवसर पर भूपेन बोरा ने कहा कि बिहपुरिया में आने वाले पांच वर्षों में विकास की रफ्तार बीते दस वर्षों की तुलना में चार गुना अधिक होगी और क्षेत्र को नई दिशा मिलेगी।
हिन्दुस्थान समाचार / श्रीप्रकाश
