नदिया, 10 अप्रैल (हि. स.)। कानूनी उलझन में फंसकर कृष्णनगर उत्तर विधानसभा सीट से तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार अभिनव भट्टाचार्य का नामांकन पत्र रद्द कर दिया गया है।

प्रशासनिक सूत्रों के अनुसार, राज्य सरकार के साथ व्यावसायिक अनुबंध से जुड़ी जटिलता के कारण रिटर्निंग ऑफिसर ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम की धारा (नौ-ए) के तहत उनका नामांकन निरस्त कर दिया।
पिछले मंगलवार को शांतिपुर में आयोजित एक जनसभा से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने अभिनव भट्टाचार्य को कृष्णनगर उत्तर सीट से तृणमूल उम्मीदवार के रूप में परिचित कराया था। उस समय तृणमूल सुप्रीमो ने उनकी जमकर प्रशंसा भी की थी।
हालांकि चुनावी नियमों के अनुसार, यदि कोई व्यक्ति सरकार के किसी काम में प्रत्यक्ष रूप से ठेकेदारी से जुड़ा हो या सरकार के साथ उसका कोई व्यावसायिक हित जुड़ा हो, तो वह चुनाव लड़ने के योग्य नहीं माना जाता।
आयोग के अवलोकन के मुताबिक, कृष्णनगर उत्तर सीट के तृणमूल उम्मीदवार सरकारी कार्यों के ठेके या आपूर्ति से जुड़े होने की स्थिति में नामांकन दाखिल किया था, जो जनप्रतिनिधित्व अधिनियम के प्रावधानों के खिलाफ है।
उल्लेखनीय है कि यदि किसी सत्तारूढ़ दल का उम्मीदवार सरकार के साथ किसी प्रकार के व्यापारिक लेनदेन या सरकारी ठेके से जुड़ा पाया जाता है, तो धारा (नौ-ए) के तहत उसका उम्मीदवार पद रद्द किया जा सकता है।
नामांकन रद्द होने के बाद अभिनव भट्टाचार्य ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि यह बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि वह पार्टी के साथ हैं और पार्टी जो निर्णय लेगी, उसी के अनुसार आगे कदम उठाएंगे।
ऐसी स्थिति की आशंका को देखते हुए तृणमूल कांग्रेस ने पहले ही वैकल्पिक उम्मीदवार तैयार रखा था। इस सीट पर पार्टी की ओर से दूसरे उम्मीदवार का भी नामांकन दाखिल कराया गया था। उनका नाम सोमनाथ दत्त है और अब वही कृष्णनगर उत्तर विधानसभा सीट से चुनाव मैदान में उतरेंगे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
