जलपाईगुड़ी, 16 अप्रैल (हि. स.)। आगामी विधानसभा चुनाव के पहले चरण का मतदान गुरुवार को होना है। इसे देखते हुए धूपगुड़ी विधानसभा क्षेत्र में तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार प्रोफेसर निर्मल चंद्र राय ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है।

मतदान में अब कुछ ही दिन शेष रहने के कारण वह अंतिम चरण में प्रचार पर विशेष ध्यान दे रहे हैं। गुरुवार सुबह से ही उन्होंने चाय बागान क्षेत्र बनारहाट में व्यापक जनसंपर्क अभियान चलाया।
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में इन चाय बागान क्षेत्रों में तृणमूल कांग्रेस को अपेक्षित बढ़त नहीं मिल सकी थी। इसी कारण इस बार पार्टी ने इन इलाकों में बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य तय किया है।
प्रचार के दौरान निर्मल चंद्र राय ने विभिन्न चाय बागानों में जाकर श्रमिकों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं व शिकायतें सुनीं। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा चाय बागान श्रमिकों के लिए चलाई जा रही विभिन्न विकास योजनाओं और सुविधाओं की भी जानकारी दी।
स्थानीय लोगों से मिल रहे समर्थन को लेकर उम्मीदवार ने भरोसा जताया कि इस बार बनारहाट के चाय बागान क्षेत्रों से तृणमूल कांग्रेस को बढ़त मिलेगी। इस प्रचार अभियान के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों का उत्साह भी देखने लायक रहा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
