कोलकाता, 08 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव से पहले बहरमपुर से कांग्रेस उम्मीदवार अधीर रंजन चौधरी की केंद्रीय सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सरकारी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।

सूत्रों के अनुसार, उनकी सुरक्षा व्यवस्था में अतिरिक्त केंद्रीय सुरक्षाकर्मियों की तैनाती की गई है। मंगलवार को उनकी सुरक्षा टीम में पांच और सुरक्षाकर्मी जोड़े गए, जिनमें महिला कर्मी भी शामिल हैं।
यह फैसला उस समय लिया गया है जब हाल के दिनों में मुर्शिदाबाद जिले के बहरमपुर क्षेत्र में चुनाव प्रचार के दौरान उन्हें विरोध का सामना करना पड़ा था। बताया गया है कि लगातार दो दिनों तक तृणमूल के कुछ कार्यकर्ताओं ने उनके खिलाफ प्रदर्शन किया और ‘गो बैक’ के नारे लगाए।
उल्लेखनीय है कि जब अधीर रंजन चौधरी सांसद थे तब उन्हें ‘वाई प्लस’ श्रेणी की केंद्रीय सुरक्षा प्राप्त थी और उनके साथ पांच सुरक्षाकर्मी तैनात रहते थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में हार के बाद भी उनकी सुरक्षा वापस नहीं ली गई थी। अब सुरक्षा बढ़ाए जाने के बाद ‘वाई प्लस’ श्रेणी के सुरक्षाकर्मियों की संख्या बढ़कर 10 हो गई है। इसके अलावा उनकी सुरक्षा में राज्य पुलिस के दो कांस्टेबल भी तैनात हैं।
इस बीच अभिषेक बनर्जी ने मुर्शिदाबाद के जलंगी में आयोजित एक सभा में आरोप लगाया कि अधीर चौधरी और केंद्र के बीच सुरक्षा को लेकर मौन समझौता है।
वहीं, चौधरी के करीबी एक नेता ने कहा कि विधानसभा चुनाव के प्रचार के दौरान उन्हें कई स्थानों पर बाधाओं का सामना करना पड़ा है। उनके अनुसार, कुछ स्थानों पर उनके खिलाफ ‘गो बैक’ के नारे लगाए गए और विरोध प्रदर्शन भी हुआ।
रविवार को बहरमपुर के तीन इलाकों में प्रचार के दौरान भी विरोध की स्थिति बनी थी, जिसे पुलिस और केंद्रीय बलों ने नियंत्रित किया। इससे पहले शनिवार को भी पैदल प्रचार के दौरान उनके खिलाफ विरोध हुआ था। घटना के बाद पश्चिम बंगाल पुलिस ने बहरमपुर थाने के प्रभारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की तथा चुनाव प्रचार में अवरोध के आरोप में चार तृणमूल कार्यकर्ताओं के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / अभिमन्यु गुप्ता
