हुगली, 03 अप्रैल (हि.स.)। पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव 2026 के तहत डानकुनी में शुक्रवार को भाजपा उम्मीदवार देवाशीष मुखर्जी ने जनसंपर्क अभियान चलाया, जहां उन्हें स्थानीय लोगों का भरपूर समर्थन और आशीर्वाद मिला। बड़ी संख्या में लोग अपने घरों से बाहर निकलकर उनका स्वागत किया और उन्हें आशीर्वाद दिया।

प्रचार के दौरान देवाशीष मुखर्जी ने चंडीतला अस्पताल के आधुनिकीकरण में देरी को लेकर सत्ताधारी दल पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पिछले 15 वर्षों में अस्पताल का विकास नहीं होना शासन की विफलता को दर्शाता है। उन्होंने यह भी कहा कि “काम करना आना चाहिए,” और जनता को बेहतर सुविधाएं देने का वादा किया।
देवाशीष मुखर्जी ने अपने वाइस चेयरमैन कार्यकाल का जिक्र करते हुए दावा किया कि उन्होंने उस समय लोगों के हित में कई काम किए थे। साथ ही उन्होंने विरोधियों पर हमला बोलते हुए कहा कि “डरपोक काउंसिलरों” की आलोचना से उन्हें कोई फर्क नहीं पड़ता।
वह पैदल ही घर-घर पहुंचे और लोगों से सीधा संवाद किया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जीतने के बाद वे लोगों तक सेवाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम करेंगे।
स्थानीय लोगों की भारी भागीदारी और समर्थन ने यह संकेत दिया कि डानकुनी में भाजपा उम्मीदवार के पक्ष में माहौल बनता दिख रहा है।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
