हुगली, 04 अप्रैल (हि. स.)। श्रीरामपुर में शनिवार को आईएसएफ समर्थित वाम मोर्चा के पांच उम्मीदवारों ने नामांकन दाखिल किया। इस दौरान एक बड़ी रैली भी निकाली गई और ने राज्य की सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस और भाजपा पर जमके निशाना साधा।

नामांकन दाखिल करने वालों में चंडीतला, जंगीपाड़ा, उत्तरपाड़ा, चांपदानी और श्रीरामपुर विधानसभा सीटों के वाम उम्मीदवार शामिल थे। इससे पहले सुबह करीब 10 बजे श्रीरामपुर के आरएमएस मैदान से एक विशाल रैली निकाली गई, जो महकमा शासक (एसडीओ) कार्यालय तक पहुंची, जहां सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन पत्र जमा किया।
इस मौके पर उत्तरपाड़ा से वामपंथी उम्मीदवार मीनाक्षी मुखर्जी ने तृणमूल और भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने तृणमूल कांग्रेस को नकार दिया है और वह भाजपा को भी स्वीकार नहीं करेगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य में “गुंडाराज और दंगाबाजों” का माहौल है, लेकिन यहां की बुद्धिजीवी, जागरूक और असांप्रदायिक जनता इसे बचाने के लिए आगे आ चुकी है। उन्होंने कहा कि बंगाल को बचाने की लड़ाई में आम लोग शामिल हो चुके हैं।
मीनाक्षी मुखर्जी ने तृणमूल कांग्रेस पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और कहा कि भाजपा ने भी इसे रोकने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया। साथ ही उन्होंने श्रमिकों के हितों की रक्षा करने वाले कानूनों को खत्म करने का भी आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि तृणमूल और भाजपा दोनों को जनता के सामने अपने कामों का जवाब देना होगा।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / धनंजय पाण्डेय
