आसनसोल, 12 मार्च (हि. स.)। जामुडिया थाना अंतर्गत चुरुलिया में एक ओपेन कास्ट माइंस (ओसीपी) को लेकर स्थानीय फकीर पाड़ा के कुछ उपद्रवियों ने गुरुवार को पहले चुरुलिया कोलियरी स्थित माइंस को बंद करा दिया। इसके बाद चुरुलिया हाटतल्ला में आकर तृणमूल के पार्टी ऑफिस में तोड़फोड़ की।

इस बारे में चुरुलिया अंचल टीएमसी के अंचल अध्यक्ष वज्र नारायण राय ने कहा कि यहां पर कुछ लोग अवैध रूप से कोयला निकालकर रोजगार करते हैं। लेकिन पुलिस प्रशासन द्वारा इस पर रोक लगा दी गई थी। इसके खिलाफ कुछ युवक आए और उन्होंने पार्टी कार्यालय में मौजूद उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा से बात की।
दिनेश मिश्रा ने कहा कि अंचल अध्यक्ष नहीं है। जब वह आएंगे तब इस पर विस्तार से बात होगी। लेकिन जो युवक आए थे उन्होंने बात नहीं सुनी और तोड़फोड़ और पत्थरबाजी शुरू कर दी।
वज्र नारायण राय ने बताया पुलिस प्रशासन द्वारा चोरी पर रोक लगाने का प्रयास किया गया था। जिससे नाराज होकर पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ की गई। उनको लगा होगा कि पार्टी कार्यालय में जाकर इस तरह की हरकत करने से उनको चोरी का लाइसेंस मिल जाएगा। इससे पूरे घटना में छह लोग घायल हुए हैं। कई गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने बताया कि इस मामले में एक हुड़दंगी को गिरफ्तार किया गया है।
घटना की खबर पाकर चुरुलिया चौकी की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रण में लेने की कोशिश की। स्थिति को नियंत्रित करने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
तृणमूल के उपाध्यक्ष दिनेश मिश्रा ने कहा कि विधायक ने फोन कर बताया कि कुछ लोग यहां के पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ कर रहे हैं। उन्होंने फोन पर जानकारी मिली कि कुछ स्थानीय युवक पार्टी कार्यालय में तोड़फोड़ और पत्थरबाजी कर रहे हैं। इस घटना के वजह के बारे में बताया गया कि कुछ स्थानीय युवाओं का आरोप है कि कंपनी से इन युवकों को सुविधा नहीं मिल रहा है। इस कारण क्रोध में आकर उन्होंने ऐसा किया।
दिनेश मिश्रा ने बताया कि यह युवक गलतफहमी का शिकार हो गए हैं। उनको शक था कि तृणमूल नेतृत्व के कारण उन्हें कंपनी से सुविधा नहीं मिल रही है। लेकिन इस घटना का तृणमूल से कोई संबंध नहीं है। उन्होंने बताया कि घटना के बाद पुलिस मौके पर आई थी और वर्तमान में जो युवक तोड़फोड़ में शामिल थे, वे फरार हो गए। इस घटना में तृणमूल के एक कार्यकर्ता शेख अशरफ घायल हुए हैं।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / संतोष विश्वकर्मा
