रांची, 10 फ़रवरी (हि.स.)। ई-कॉमर्स के बढ़ते प्रचलन के कारण ऑफलाइन व्यापारियों के समक्ष उत्पन्न हो रही चुनौतियों को देखते हुए फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की ओर से वर्तमान सत्र में बिजनेस एक्सचेंज मीटिंग के आयोजन की पहल की गई है।

चेंबर की इस पहल के शुरूआती चरण में ही सकारात्मक और उत्साहजनक परिणाम सामने आने लगे हैं। इस पहल के तहत मंगलवार को चेंबर भवन में सदस्यों के बीच पुनः बिजनेस एक्सचेंज की तीसरी बैठक का आयोजन किया गया। बैठक के दौरान सदस्यों ने एक-दूसरे से परिचय कराते हुए अपने व्यवसाय की जानकारी साझा की और आपसी रूप से बिजनेस कार्ड का आदान-प्रदान किया।

चर्चा के दौरान कई सदस्यों को तत्काल व्यापारिक ऑर्डर भी प्राप्त हुए।
उल्ले्खनीय है कि इससे पूर्व भी चेंबर की ओर से इसकी दो बैठकों का आयोजन किया गया था, जिनके माध्यम से सदस्यों को संतोषप्रद व्यापारिक ऑर्डर प्राप्त हुए थे। बैठक में स्वयं सदस्यों ने इसकी पुष्टि करते हुए चेंबर की इस पहल के लिए आभार व्यक्त किया। चर्चा में नये सदस्य ने यह भी कहा कि पहले यह धारणा थी कि चेंबर केवल व्यापारियों की समस्याओं को लेकर ही कार्य करता है, लेकिन सदस्य बनने के बाद उन्हें अपने व्यवसाय के विस्तार का वास्तविक अवसर भी प्राप्त हुआ है।
सदस्यों के बीच वास्तविक व्यापारिक अवसर सृजित करना उददेश्य : प्रवीण
बैठक में यह भी विचार रखा गया कि स्थानीय व्यापारी ऑनलाइन प्लेटफॉर्म की तुलना में प्रतिस्पर्धी दरों पर उपभोक्ता सामग्री उपलब्ध करा रहे हैं और उपभोक्ताओं को अपनी आवश्यक वस्तुओं की खरीद स्थानीय दुकानों से करनी चाहिए।
चेंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया ने कहा कि बिजनेस एक्सचेंज मीटिंग का उद्देश्य केवल नेटवर्किंग नहीं, बल्कि चेंबर सदस्यों के बीच वास्तविक व्यापारिक अवसर सृजित करना है। यह देखकर संतोष होता है कि सदस्य आपस में व्यापार कर रहे हैं और उन्हें ठोस ऑर्डर भी मिल रहे हैं। आने वाले समय में इस तरह की बैठकों को और अधिक प्रभावी और नियमित बनाया जाएगा। उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि ऑफलाइन व्यापार को सशक्त बनाने के लिए आपसी सहयोग बेहद जरुरी है। चेंबर का प्रयास है कि लोकल से वोकल की भावना को आगे बढ़ाते हुए अधिक से अधिक व्यापारिक अवसर अपने सदस्यों को उपलब्ध कराए जाए।
बैठक में चेंबर उपाध्यक्ष प्रवीण लोहिया, राम बांगड़, सह सचिव नवजोत अलंग, रोहित पोद्दार, कोषाध्यक्ष अनिल अग्रवाल, कार्यकारिणी सदस्य अनीश बुधिया, उप समिति चेयरमैन अमित मिश्रा, तेजविंदर सिंह, अलोक कुमार, प्रियंक भगत, सदस्य शशांक मित्तल, युवराज गोया सहित अन्य कई सदस्य उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
