रांची, 09 मार्च (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की महिला उद्यमिता उप समिति की बैठक सोमवार को चेंबर भवन में हुई।

बैठक में 25 से अधिक महिला और युवा उद्यमी शामिल हुईं। बैठक का मुख्य उद्देश्य कला, स्किल और हस्तशिल्प से जुड़े महिलाओं और युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने एवं उन्हें मार्केट अवेयरनेस करने पर केंद्रित रहा। इस दौरान यह निर्णय लिया गया कि महिलाओं और युवाओं के कौशल को विकसित करने के लिए नियमित रूप से स्किल आधारित कार्यशालाओं का आयोजन किया जाएगा ताकि वे अपने हुनर को और अधिक सशक्त बनाकर रोजगार और उद्यमिता के अवसर प्राप्त कर सकें।
राज्य में पारंपरिक कला और प्रतिभा की कोई कमी नहीं
चेंबर की कार्यकारिणी सदस्य और महिला उद्यमिता उप समिति की चेयरपर्सन आस्था किरण ने कहा कि झारखंड में कला, संस्कृति और हस्तशिल्प से जुड़े उद्योगों की अपार संभावनाएं हैं। राज्य में पारंपरिक कला और प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें सही दिशा, मंच और बाजार उपलब्ध कराने की है। चेंबर इस दिशा में निरंतर प्रयासरत है और ऐसे व्यवसायों को आगे बढ़ाने में सहयोग करता रहा है।
बैठक में मुख्य वक्ता के रूप में प्रवीण कर्माकर फाउंडर (इन आर्ट वर्ल्ड), ह्यूमन राइट्स मिशन की वाईस प्रेसिडेंट सोहिनी राय, मलय कुमार (सेल्स हेड, एक्सेल हॉलीडेज) और अर्चना श्रीवास्तव (ब्रांड एंबेसडर, फॉर्च्यून आर्ट गैलरी) उपस्थित थे।
फॉर्च्यून आर्ट गैलरी एक अंतरराष्ट्रीय स्तर की आर्ट गैलरी है, जो कला एवं हस्तशिल्प के क्षेत्र में कलाकारों को प्रोत्साहित करते हुए उन्हें वैश्विक मंच और बेहतर बाजार उपलब्ध कराती है। वक्ताओं ने कहा कि झारखंड साहित्य, कला और संस्कृति के क्षेत्र में सदैव अग्रणी रहा है। यहां के कलाकारों और कारीगरों की प्रतिभा को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने के लिए संगठित प्रयासों की जरूरत है।
बैठक में उपस्थित उद्यमियों ने भी अपने विचार साझा किया और झारखंड की पारंपरिक कला, संस्कृति एवं हस्तशिल्प को वैश्विक पहचान दिलाने के लिए मिलकर कार्य करने पर बल दिया।
इस अवसर पर आस्था किरण, रंजीत रंजन, ह्यूमन राइट की वाइज प्रेसिडेंट सोहिनी रॉय, मलय कुमार, प्रवीण कर्माकर, शालिनी अखौरी, आंचल बर्मन, वंदना शर्मा, शालिनी सिंह, बरमाली चक्रवर्ती, सौम्या, श्वेता श्रीवास्तव, रूपकथा चक्रवर्ती अर्चना श्रीवास्तव सहित 25 से अधिक उद्यमी उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
