रांची, 07 फ़रवरी (हि.स.)। फेडरेशन ऑफ झारखंड चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के टिम्बर ट्रेड एवं सॉ मिल एंड वुड बेस्ड इंडस्ट्रीज उप समिति की संयुक्त बैठक चेंबर भवन में हुई। बैठक में राज्यव्यापी और स्थानीय स्तर पर टिंबर ट्रेड और सॉ मिल उद्योग से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा की गई।

सॉ मिल एंड वुड बेस्ड इंडस्ट्रीज उप समिति के चेयरमैन तुलसी पटेल ने बताया कि पूर्व में स्थानीय और डीएफओ स्तर पर जो समस्याएं थीं, उनका समाधान रांची डीएफओ कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि रांची स्थित सभी टिंबर की लाइसेंस नवीकरण की प्रक्रिया पूरी कर दी गई है। बैठक में उन अन्य लंबित समस्याओं का भी उल्लेख किया गया जिनके संबंध में पूर्व में चेंबर की ओर से पत्राचार किया गया था। उन्होंने जानकारी दी कि पिछले माह वन सचिव से मिलकर इन विषयों पर चर्चा की गई थी जिस पर वन सचिव ने मांगों को राज्य स्तरीय समिति को भेजे जाने की बात कही है और समिति को समाधान निकलने का आश्वासन दिया गया है।
चेंबर की मांगों में मुख्य रूप से लाइसेंस की अवधि पांच वर्ष करने, विभिन्न परिस्थितियों में नाम हस्तांतरण तुरंत करने, नॉमिनी का प्रावधान करने और जितने भी साझेदार हैं उनका नाम लाइसेंस में अंकित करना शामिल है।
साथ ही मौके पर यह भी मांग की गई कि आरा मिल में अतिरिक्त मशीनरी जोडने के लिए भी राज्यस्तरीय समिति से सहमति सहमति लेनी पड़ती है, जो पूर्व में डीएफओ की ओर से दिया जाता था। वन सचिव ने इन सभी मांगों पर निर्णय लेने के लिए इसे राज्यस्तरीय समिति को भेजा है।
उप समिति चेयरमैन ने उन्होंने चेंबर से प्रधान मुख्य वन संरक्षक को रिमाइंडर देकर राज्य स्तरीय समिति की बैठक जल्द बुलाने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि पिछले नौ माह से समिति की बैठक नहीं हुई है और समाधान उसी पर निर्भर है।
मौके पर चेंबर उपाध्यक्ष राम बांगड़ ने कहा कि प्रत्येक तीन माह में राज्य स्तरीय समिति की बैठक जरूर होनी चाहिए। इससे समस्याओं का निदान त्वरित गति से संभव है।
बैठक में टिंबर ट्रेड उप समिति के चेयरमैन तेजविंदर सिंह के अलावा चेंबर के सह सचिव रोहित पोद्दार, कार्यकारिणी सदस्य मुकेश अग्रवाल, सदस्य किशन अग्रवाल, अतीक कुमार, प्रवीण अग्रवाल, सुभम अग्रवाल, अरुण जाजोदिया, प्रमोद अग्रवाल, विनोद पटेल, सतेंद्र सिन्हा उपस्थित थे।
—————
हिन्दुस्थान समाचार / Vinod Pathak
